महुआ और पथरा पंचायत में लगा जनसहयोग शिविर, लोगों ने सरकार की पहल को बताया राहतभरा कदम

जनसहयोग शिविर में मौजूद अधिकारी.
Jan Sahayog Camp : महुआ और पथरा पंचायत में आयोजित जनसहयोग शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और उनके समाधान की दिशा में कार्रवाई हुई. 71 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई का त्वरित निराकरण किया गया. इस पहल से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है.
Jan Sahayog Camp : बाराहाट प्रखंड की महुआ एवं पथरा पंचायत में मंगलवार को जनसहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे तथा ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की गई. पंचायत स्तर पर आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और अपनी शिकायतें संबंधित अधिकारियों के समक्ष दर्ज कराईं.
71 आवेदन प्राप्त, कई मामलों का हुआ त्वरित समाधान
प्रखंड विकास पदाधिकारी गोपाल कुमार गुप्ता ने बताया कि पथरा पंचायत में 34 और महुआ पंचायत में 37 शिकायत आवेदन प्राप्त हुए. इन आवेदनों में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, प्रधानमंत्री आवास, जन वितरण प्रणाली, पेयजल, बिजली तथा अन्य विभागों से जुड़े मामले शामिल थे. शिविर में मौजूद अधिकारियों ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को समयबद्ध निष्पादन के लिए भेज दिया गया.
समय सीमा में कार्रवाई का अधिकारियों को निर्देश
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि जिन शिकायतों का समाधान तत्काल संभव नहीं हो सका, उनके लिए संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि लोगों की समस्याओं का समाधान पंचायत स्तर पर ही हो, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें.
ग्रामीण बोले, अब नहीं लगाने पड़ेंगे प्रखंड कार्यालय के चक्कर
जनसहयोग शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन की इस पहल की सराहना की. लोगों ने कहा कि पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित होने से छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए अब प्रखंड मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा. इससे समय और धन दोनों की बचत होगी, विशेषकर गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी. ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि यदि ऐसे जनसहयोग शिविर नियमित रूप से आयोजित होते रहे तो सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक पारदर्शी, तेज और सुगमता से आम लोगों तक पहुंचेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अजय कुमार झा
अजय कुमार झा प्रिंट माध्यम में 14 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बाराहाट (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










