झमाझम बारिश से बदला मौसम का मिजाज, उमस और गर्मी से मिली बड़ी राहत

Updated:
विज्ञापन
झमाझम बारिश से बदला मौसम का मिजाज, उमस और गर्मी से मिली बड़ी राहत

कटोरिया में झमाझम बारिश का दृश्य.

Katoria Rain Update: आधे घंटे की बारिश ने दो सप्ताह की तपिश तोड़ी, किसानों के चेहरे खिले तो कई इलाकों में जलजमाव हो गया.

विज्ञापन

कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट

Katoria Rain Update: कटोरिया एवं आसपास के क्षेत्रों में सोमवार की दोपहर करीब तीन बजे अचानक मौसम ने करवट ली. कुछ ही मिनटों में आसमान घने काले बादलों से ढक गया और मेघ गर्जन के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई. करीब आधे घंटे तक हुई तेज बारिश ने पिछले दो सप्ताह से जारी भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बड़ी राहत दी. बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज होने से लोगों ने राहत की सांस ली.

गर्मी और हीटवेव से परेशान थे लोग

पिछले कई दिनों से क्षेत्र में प्रचंड धूप और उमस के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा था. दोपहर के समय बाजार और सड़कें सूनी नजर आती थीं तथा लोग केवल जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे थे. गर्मी और लू के कारण बड़ी संख्या में लोग हीटवेव की चपेट में भी आ रहे थे. स्थानीय अस्पतालों और निजी क्लीनिकों में दस्त, उल्टी, बुखार, सिरदर्द, चक्कर, कमजोरी और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही थी. ऐसे में सोमवार की बारिश लोगों के लिए राहत की फुहार बनकर आई.

ये भी पढ़ें: बांका में कब मिलेगी गर्मी से राहत? बारिश और वज्रपात का अलर्ट, जानें अगले 48 घंटे का मौसम

Katoria Rain Update: धान की खेती के लिए वरदान बनी बारिश

बारिश ने किसानों के चेहरों पर भी मुस्कान लौटा दी है. धान की खेती की तैयारी में जुटे किसानों के लिए यह वर्षा बेहद लाभदायक मानी जा रही है. जिन किसानों ने धान का बीज डाला है या जिनके खेतों में बिचड़ा तैयार हो रहा है, उन्हें इस बारिश से पर्याप्त नमी मिलने की उम्मीद है. किसानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में भी इसी तरह समय-समय पर बारिश होती रही तो धान की रोपनी का कार्य तेजी से शुरू हो सकेगा और फसल उत्पादन पर सकारात्मक असर पड़ेगा.

बारिश के साथ बढ़ी जलजमाव की परेशानी

हालांकि तेज बारिश के कारण कटोरिया बाजार सहित कई शहरी और ग्रामीण इलाकों में जलजमाव की समस्या भी सामने आई. मुख्य सड़कों और निचले क्षेत्रों में पानी भर जाने से राहगीरों और बाइक चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा. कई जगहों पर जलनिकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ा.

आने वाले दिनों में भी राहत की उम्मीद

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में भी क्षेत्र में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है. यदि मौसम का यही रुख जारी रहता है तो किसानों को खेती के लिए जरूरी नमी मिलती रहेगी और भीषण गर्मी से परेशान लोगों को भी लगातार राहत मिलती रहेगी.

ये भी पढ़ें: नहरों में पानी नहीं, धान की रोपनी पर गहराया संकट, पंपसेट के सहारे खेती को मजबूर किसान

विज्ञापन
अमित कुमार सिन्हा

लेखक के बारे में

By अमित कुमार सिन्हा

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन