श्रावणी मेला से पहले चालू होगा कटोरिया बाइपास, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

Updated:
विज्ञापन

Banka News : श्रावणी मेला से पहले कटोरिया को जाम की समस्या से राहत दिलाने की बड़ी तैयारी चल रही है. प्रशासन ने लक्ष्य तय किया है कि लाखों कांवरियों के आगमन से पहले एनएच-333ए पर बन रहा बाईपास पूरी तरह चालू हो जाए, ताकि भारी वाहनों का दबाव बाजार से हटाया जा सके.

विज्ञापन

कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट

Banka News : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला की तैयारियों के बीच शुक्रवार को डीएम नवदीप शुक्ला और एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा ने कटोरिया में एनएच-333ए पर निर्माणाधीन बाइपास सड़क का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने श्रावणी मेला शुरू होने से पहले निर्माण कार्य पूरा कर बाईपास को चालू करने का निर्देश दिया, ताकि मेला अवधि में कटोरिया बाजार को जाम और भारी वाहनों के दबाव से राहत मिल सके.

श्रावणी मेला से पहले पूरा करने का लक्ष्य

प्रशासन ने आगामी 31 जुलाई से शुरू होने वाले विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला से पहले बाईपास निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है. बाईपास चालू होने के बाद बड़ी ट्रकों और हाईवा वाहनों का परिचालन बाजार क्षेत्र से हटाकर वैकल्पिक मार्ग से कराया जाएगा.

कटोरिया बाजार को मिलेगी जाम से राहत

अधिकारियों ने कहा कि बाईपास शुरू होने से श्रावणी मेला के दौरान लाखों कांवरियों की आवाजाही सुगम होगी. साथ ही कटोरिया बाजार में भारी वाहनों के प्रवेश पर नियंत्रण होने से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और जाम की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी.

निर्माण कार्य की प्रगति का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा संबंधित अभियंताओं और अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया. उन्होंने गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने पर जोर दिया.

कई प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान एडीएम अजीत कुमार सिंह, डीडीसी उपेंद्र कुमार सिंह, एसडीएम राजकुमार, एसडीपीओ डॉ. रवींद्र मोहन प्रसाद, मुख्यालय डीएसपी आदित्य कुमार, कटोरिया इंस्पेक्टर रंजीत कुमार, थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार, सुईया थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार झा, बीडीओ देवाशीष कुमार, चांदन बीडीओ अजेश कुमार, सीओ पुष्पा कुमारी, चांदन सीओ रवि कुमार सहित एनएच डिवीजन के वरीय अधिकारी और अभियंता उपस्थित रहे.

कांवरियों की सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता

प्रशासन का मानना है कि बाईपास के चालू होने से श्रावणी मेला के दौरान यातायात प्रबंधन अधिक प्रभावी होगा. इससे कांवरियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा तथा स्थानीय लोगों को भी बाजार क्षेत्र में यातायात संबंधी परेशानियों से राहत मिलेगी.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन