हर साल कई जानें निगलती हैं रेल फाटक दुर्घटनाएं, बौंसी में कल चलेगा जागरूकता अभियान

Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 08 Jun 2026 10:31 AM

विज्ञापन

International Level Crossing Awareness Day tomorrow : एक छोटी सी लापरवाही बन सकती है बड़े हादसे की वजह. रेलवे फाटकों पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय लेवल क्रॉसिंग जागरूकता दिवस मनाया जाएगा. इस दौरान नागरिकों को सुरक्षित रेल फाटक पार करने के नियमों की जानकारी दी जाएगी.

विज्ञापन

बौसी, (बांका) से संजीव पाठक की रिपोर्ट

Banka News : रेलवे फाटकों पर सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय लेवल क्रॉसिंग जागरूकता दिवस (International Level Crossing Awareness Day) मनाया जाएगा. इस अवसर पर रेलवे प्रशासन द्वारा लोगों को लेवल क्रॉसिंग पर सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया जाएगा.

फाटक पर रुकें, देखें और फिर आगे बढ़ें

मंदार हिल स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि जागरूकता अभियान के तहत लोगों से अपील की जाएगी कि वे रेलवे फाटक पर पहुंचने के बाद पहले रुकें, दोनों ओर से आने वाली ट्रेनों की स्थिति देखें और पूरी तरह सुरक्षित होने पर ही आगे बढ़ें. फाटक बंद होने की स्थिति में धैर्य बनाए रखें और किसी भी परिस्थिति में नियमों का उल्लंघन न करें.

जल्दबाजी बन सकती है दुर्घटना का कारण

रेलवे अधिकारियों के अनुसार अधिकांश दुर्घटनाएं लोगों की जल्दबाजी और लापरवाही के कारण होती हैं. ट्रेन को रुकने में पर्याप्त दूरी और समय लगता है, इसलिए फाटक बंद होने के बावजूद उसे पार करने का प्रयास बेहद खतरनाक हो सकता है. अभियान के दौरान लोगों को इसी बारे में जागरूक किया जाएगा.

पोस्टर के जरिए दिया जायेगा सुरक्षा का संदेश

जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर पोस्टर और सूचना सामग्री के माध्यम से “सुरक्षित क्रॉसिंग, सुरक्षित जीवन ” और “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें ” जैसे संदेश प्रसारित किए जाएंगे. रेलवे प्रशासन का उद्देश्य लोगों को यह समझाना है कि सुरक्षा केवल रेलवे की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है.

नागरिकों को दिलाया जायेगा सुरक्षा का संकल्प

कार्यक्रम के दौरान लोगों को एक विशेष संकल्प भी दिलाया जाएगा. इसमें नागरिक लेवल क्रॉसिंग पर सभी सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का वचन लेंगे. अधिकारियों का कहना है कि सामूहिक जागरूकता से ही दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है.

सड़क और रेल यातायात के बीच सुरक्षित समन्वय पर जोर

अंतरराष्ट्रीय लेवल क्रॉसिंग जागरूकता दिवस का मुख्य उद्देश्य सड़क और रेल यातायात के बीच सुरक्षित समन्वय स्थापित करना तथा रेलवे फाटकों पर होने वाली दुर्घटनाओं को कम करना है. रेलवे प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की जल्दबाजी से बचें और सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करें, क्योंकि सतर्कता ही सुरक्षा की सबसे बड़ी गारंटी है.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन