अवैध क्लिनिक फिर चालू, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल

प्रखंड क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गयी है.
बाराहाट. प्रखंड क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गयी है. चिकित्सा विभाग द्वारा हाल ही में अवैध क्लिनिक संचालन के खिलाफ अभियान चलाकर तीन क्लिनिकों को सील किया गया था, लेकिन हैरानी की बात यह है कि बिना किसी लिखित आदेश के इन्हें दोबारा संचालित होने दिया गया. आरोप है कि चिकित्सा पदाधिकारी ने सिविल सर्जन के मौखिक निर्देश पर इन क्लिनिकों को फिर से खोलने की अनुमति दे दी, जिसके बाद अब ये पहले से अधिक बेखौफ होकर संचालित हो रहे हैं. सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि जब कार्रवाई की गई थी, तो उसे किन परिस्थितियों में ठंडे बस्ते में डाल दिया गया. क्या कानून अब सिर्फ कागजों तक सीमित रह गया है. प्रशासन की इस नरमी से मिलीभगत की आशंका भी जताई जा रही है. इन क्लिनिकों की स्थिति भी चिंताजनक है. न तो यहां निर्धारित मानकों का पालन हो रहा है, न प्रशिक्षित स्टाफ मौजूद है और न ही जरूरी उपकरण उपलब्ध हैं. इसके बावजूद मरीजों का इलाज किया जा रहा है. दवा, एंबुलेंस, ब्लड बैंक जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है, यहां तक कि आपात स्थिति से निपटने की भी कोई व्यवस्था नहीं है. ऐसे में मरीजों की जान जोखिम में पड़ रही है. इसके अलावा इन क्लिनिकों से निकलने वाले मेडिकल कचरे का भी उचित निपटान नहीं हो रहा है. खुले में फेंका जा रहा कचरा आसपास के लोगों के लिए संक्रमण और गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है. प्रशासन की जानकारी में होने के बावजूद इस पर ठोस कार्रवाई नहीं होना चिंता का विषय है. आम लोगों ने मांग की है कि अवैध क्लिनिकों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए, जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच हो और स्वास्थ्य मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए. इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रश्मि सीमा ने बताया कि जांच अभियान में तीन अवैध क्लिनिकों पर कार्रवाई की गई थी, लेकिन बाद में सीएस कार्यालय से मौखिक निर्देश मिलने के बाद उन्हें संचालन की अनुमति दी गई. वहीं जिला चिकित्सा पदाधिकारी जितेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में ऐसे क्लिनिकों को संचालन की अनुमति नहीं दी गयी है. यदि कहीं संचालन हो रहा है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




