मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तेलडीहा दुर्गा मंदिर में की पूजा, कहा, सूबे का हाेगा सर्वांगीण विकास

Published by :SHUBHASH BAIDYA
Published at :26 Apr 2026 9:43 PM (IST)
विज्ञापन
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तेलडीहा दुर्गा मंदिर में की पूजा, कहा, सूबे का हाेगा सर्वांगीण विकास

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तेलडीहा दुर्गा मंदिर में की पूजा, कहा, सूबे का हाेगा सर्वांगीण विकास

विज्ञापन

– एनडीए विधायक व समर्थकों ने फूलमाला पहनाकर किया मुख्यमंत्री का स्वागत

फोटो 26 बांका 01 -मंदिर गर्भगृह में पूजा अर्चना करते सीएम व अन्य, 02-अधिकारियों से बात करते सीएम, 03-रिवर फ्रंट परियोजना का अवलोकन करते सीएम

मदन कुमार/ठाकुर विनोद सिंह, बांका/शंभुगंज.

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सीएम का पद संभालने के बाद रविवार को पहली बार शंभुगंज प्रखंड अंतर्गत प्रसिद्ध तेलडीहा दुर्गा मंदिर पहुंचे. उन्होंने माता दुर्गा की पूजा-अर्चना कर विभिन्न सरकारी योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्य का जायजा लिया. मुख्यमंत्री आगमन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का संचार देखा गया. मंदिर परिसर पहुंचते ही मुख्यमंत्री को जिला प्रशासन की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. जनप्रतिनिधियों और एनडीए कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया. स्वागत करने वालों में अमरपुर विधायक जयंत राज, धोरैया विधायक मनीष कुमार एवं बेलहर विधायक मनोज यादव, छत्रहार पंचायत की मुखिया अनिता मिश्र प्रमुख रूप से शामिल थे. स्वागत के उपरांत मुख्यमंत्री सीधे मंदिर गर्भगृह में पहुंचे और 15 से 20 मिनट तक विधिर्पूवक पूजा की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की. यहां प्रधान पुजारी श्याम आचार्य सहित अन्य पुजारियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा संपन्न करायी. मंदिर से बाहर निकलने के बाद सीएम ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की. मुख्यमंत्री ने मंदिर के समीप बहने वाली बदुआ नदी में बाढ़ नियंत्रण कार्यालय बौंसी के तत्वावधान में निर्माणाधीन रिवर फ्रंट परियोजना, उच्चस्तरीय पुल व सौंदर्यीकरण योजना का स्थल निरीक्षण किया. यह रिवर फ्रंट करीब 12 करोड़ की लागत से दोनों तरफ पूर्वी व दक्षिणी हिस्से में बन रहा है. मुख्यंत्री ने इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए. उन्होंने क्षेत्र के विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी भी ली. मुख्यमंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार बांका जिले के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने आश्वस्त किया कि सिंचाई, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को और भी मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे. वहीं, उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बांका जिले का तेजी से विकास होगा और क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी. तारापुर के पूर्व विधायक राजीव कुमार सिंह, मुंगेर के विधायक कुमार प्रणय, प्रमंडलीय आयुक्त अविनाश कुमार, आईजी विवेक कुमार, बांका व मुंगेर डीएम व एसपी, एलएन कॉलेज के प्राचार्य रॉबिन वैद्य, जदयू नेता प्रशांत कापरी, अंगद कुशवाहा सहित एनडीए के अन्य कई पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ताण मौजूद थे.

पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होगा तेलडीहा : सीएम

सीएम ने घोषणा की तेलडीहा मंदिर का चहुंमुखी विकास किया जायेगा और इसे प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जायेगा. कहा, विकास का ब्लूप्रिंट तैयार किया जा रहा है. तेलडीहा स्थित आईबी भवन का विस्तार होगा तथा दक्षिण छत्रहार की ओर एक एकड़ भूमि में पार्किंग की व्यवस्था की जायेगी. मंदिर परिसर में आकर्षक कॉरिडोर का निर्माण कराया जायेगा ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सके. सरकारी जमीन के बाद रैयती भूमि का भी अधिग्रहण किया जायेगा. निर्माणाधीन रिवर फ्रंट और उच्चस्तरीय पुल एवं सौंदर्यीकरण योजना का निरीक्षण करते हुए कार्यों की प्रगति की समीक्षा की. कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता है.

करीब आधे घंटे का रहा दौरा

मुख्यमंत्री का यह दौरा लगभग आधे घंटे का रहा. वे दोपहर साढ़े तीन बजे पहुंच गये थे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूजा-अर्चना और निरीक्षण के बाद मौजूद अधिकारियों को कई जरुरी निर्देश दिये. कहा कि सभी निर्धारित कार्य समय सीमा के अंदर पूरा किया जाना है. इसके बाद सीएम का कॉरकेड अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर गये.

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था किया गया था. जगह-जगह बैरिकेडिंग की गयी थी ताकि अनधिकृत लोगों का प्रवेश रोका जा सके. चप्पे-चप्पे पर सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती गयी गयी थी. साथ ही जगह-जगह दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात थे. इस दौरान मंडलीय आयुक्त अविनाश कुमार, आईजी विवेक कुमार, डीएम नवदीप शुक्ला, एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा, डीडीसी उपेंद्र सिंह, एसडीएम राजकुमार सहित बांका व मुंगेर के डीएम व एसपी सहित जिले के कई वरीय अधिकारी मौके पर मौजूद थे.

आमलोगों में था उत्साह

मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर स्थानीय आमलोगों में काफी उत्साह देखा गया. लोगों ने कहा क्षेत्र का मुख्यमंत्री बनने से बांका को बड़ा लाभ मिलेगा. सीएम यहां की समस्याओं से व्यक्तिगत तौर पर भी अवगत हैं. निश्चित रूप से आने वाले समय में इसका असर इस क्षेत्र के बुनियादी विकास के तौर पर दिखेगा. तेलडीहा दुर्गा मंदिर को पर्यटन क्षेत्र में और अधिक निखार आने के प्रति भी आस जगी. जिले में सीएम बनने के बाद उनकी यह पहली यात्रा ने विकास के कई संभावनाओं का द्वार खोल दिया है.

समर्थक ने चढ़ाए 101 किलो शुद्ध घी के बने लड्डू

सीएम का तेलडीहा दुर्गा मंदिर के आगमन पर एक समर्थक विश्वजीत कुमार सिंह ने 101 किलो शुद्ध घी के बने लड्डू चढ़ाकर अपनी खुशी जाहिर की और बाद में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया. समर्थक विश्वजीत ने बताया कि सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने की खुशी में यह लड्डू भगवती को चढ़ाया गया है. इस दौरान पीएम व सीएम के नारों से मंदिर परिसर गूंजायमान रहा.B

विज्ञापन
SHUBHASH BAIDYA

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

SHUBHASH BAIDYA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन