आसमान में छाये रहेंगे बादल, उमस भरी गर्मी से 24 मई तक राहत के आसार कम

Updated:
विज्ञापन
आसमान में छाये रहेंगे बादल, उमस भरी गर्मी से 24 मई तक राहत के आसार कम

Banka weather update : सुबह तेज धूप, दोपहर में झुलसाने वाली गर्मी और शाम तक उमस से बेचैनी… बांका में मौसम का मिजाज लोगों की मुश्किलें बढ़ाने वाला है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक, आंधी और बारिश की संभावना जताई है, लेकिन गर्मी से राहत फिलहाल दूर नजर आ रही है.

विज्ञापन

बांका से सुभाष वैद्य की रिपोर्ट : बांका सहित दक्षिण बिहार के कई जिलों में भीषण गर्मी और उमस का असर लगातार बना हुआ है. आसमान में बादल छाए रहने के बावजूद तापमान में खास गिरावट नहीं हो रही है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 24 मई तक जिले के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज आंधी चल सकती है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. हालांकि मौसम का यह बदलाव लोगों को उमस भरी गर्मी से पूरी राहत नहीं देगा.

सुबह धूप, दोपहर में तपिश और शाम को उमस का कहर

गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. सुबह होते ही तेज धूप निकलने लगेगी और दोपहर तक तापमान तेजी से बढ़ेगा. शाम के समय हल्की नरमी महसूस हो सकती है, लेकिन हवा में नमी अधिक रहने के कारण उमस लोगों को परेशान करती रहेगी. मौसम विभाग के मुताबिक सुबह के समय आर्द्रता 70 से 75 प्रतिशत तक रह सकती है, जबकि दोपहर में यह घटकर 20 से 25 प्रतिशत तक पहुंच सकती है.

आंधी और बारिश के संकेत, लेकिन गर्म हवाएं भी चलेंगी

पूर्वानुमान के अनुसार 24 मई तक बांका और आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पुरबा हवा 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बह सकती है. बावजूद इसके गर्म हवाओं का असर बना रहेगा और लू जैसी स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है.

बुजुर्ग, बच्चे और बाइक सवार सबसे ज्यादा प्रभावित

लगातार पड़ रही गर्मी का असर सबसे अधिक बुजुर्गों, बच्चों और बाइक सवारों पर देखने को मिल रहा है. डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है. अस्पतालों में डिहाइड्रेशन और गर्मी से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है. चिकित्सकों का कहना है कि शरीर में पानी की कमी से चक्कर, कमजोरी और थकान की समस्या तेजी से बढ़ रही है.

बिजली कटौती ने बढ़ाई परेशानी

भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती लोगों की परेशानी को और बढ़ा रही है. दिन और रात में बार-बार बिजली जाने से लोग घरों में बेचैन हो रहे हैं. पंखे और कूलर बंद होते ही उमस का असर कई गुना बढ़ जाता है. ग्रामीण इलाकों में स्थिति और ज्यादा खराब बनी हुई है.

क्या करें और क्या नहीं

मौसम विभाग और चिकित्सकों ने लोगों को धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है. खासकर दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक बाहर निकलने से परहेज करने को कहा गया है.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन