रिवेन्यू ऑफिसर बने संतोष का बैंड-बाजे और पुष्पवर्षा के बीच भव्य स्वागत, गर्व से झूम उठा सुईया बाजार

Edited by AMIT KR SINHA
Updated:
विज्ञापन

संतोष को बाजार भ्रमण कराते सुईयावासी.

BPSC Success Celebration: बिहार लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता हासिल कर रिवेन्यू ऑफिसर बने संतोष कुमार के गांव आगमन पर सुईया बाजार में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला. ग्रामीणों ने उन्हें पूरे सम्मान और गर्व के साथ बाजार भ्रमण कराया.

विज्ञापन

कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट

BPSC Success Celebration: बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में प्रथम प्रयास में सफलता हासिल कर रिवेन्यू ऑफिसर बनने वाले सुईया बाजार निवासी संतोष कुमार के गांव आगमन पर गुरुवार को पूरे क्षेत्र में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला. बीपीएससी का परिणाम घोषित होने के बाद पहली बार गांव पहुंचे संतोष कुमार का ग्रामीणों ने गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत और अभिनंदन किया.

बैंड-बाजे और पुष्पवर्षा के बीच हुआ बाजार भ्रमण

सुईया बाजार के लोगों ने बैंड-बाजे के साथ संतोष कुमार का पूरे बाजार में भ्रमण कराया. इस दौरान विभिन्न चौक-चौराहों, गली-मोहल्लों और प्रतिष्ठानों पर लोगों ने फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के साथ उनका स्वागत किया. जगह-जगह मिठाइयां बांटी गईं और लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.

युवा वर्ग में विशेष उत्साह देखने को मिला और लोगों ने उनकी सफलता को पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया.

साधारण परिवार से निकलकर रचा सफलता का इतिहास

स्वागत जुलूस के दौरान लोगों ने कहा कि संतोष कुमार ने साधारण परिवार से निकलकर कठिन परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है. उनकी सफलता यह साबित करती है कि ग्रामीण परिवेश में रहकर भी बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं.

ग्रामीणों ने कहा कि संतोष की उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उत्साहित करेगी.

BPSC Success Celebration: यूको बैंक के समीप भी हुआ सम्मान

इस अवसर पर यूको बैंक शाखा के समीप शाखा प्रबंधक राकेश कुमार ने संतोष कुमार को माल्यार्पण कर सम्मानित किया और मिठाई खिलाकर बधाई दी. उन्होंने कहा कि संतोष की उपलब्धि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है और उनकी सफलता पर सभी को गर्व है.

बड़ी संख्या में शामिल हुए समाज के लोग

स्वागत समारोह में रवींद्र बरनवाल, रामरंजन कुमार उर्फ गोलू बरनवाल, विकास भारती, ओमप्रकाश बरनवाल, पूर्व मुखिया ब्रह्मानंद दास उर्फ रामजी, आनंदी बरनवाल, मुकेश बरनवाल, वार्ड सदस्य ताज मनव्वर, मुन्ना सिंह, सदानंद गुप्ता, जयप्रकाश बरनवाल, राहुल कुमार, विपुल बरनवाल, शंभु बरनवाल, शंकर शशि और सुमित कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य लोग मौजूद रहे.

673वीं रैंक हासिल कर बने रिवेन्यू ऑफिसर

सुईया बाजार निवासी किराना व्यवसायी प्रेम कुमार वर्णवाल और उमा देवी के पुत्र संतोष कुमार ने बीपीएससी की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में 673वीं रैंक प्राप्त कर रिवेन्यू ऑफिसर का पद हासिल किया है.

इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा सुईया क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है. स्वागत समारोह में उनकी पत्नी रूचि कुमारी, माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे.

संतोष कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद, पत्नी और परिवार के सहयोग तथा निरंतर मेहनत को दिया. उन्होंने युवाओं से लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन और समर्पण के साथ तैयारी करने की अपील की.

ये भी पढ़े : बीपीएससी में सफलता का परचम लहराने वाले प्रतिभावानों को प्रभात खबर ने किया सम्मानित, गदगद हुए परिजन

विज्ञापन
AMIT KR SINHA

लेखक के बारे में

By AMIT KR SINHA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन