टोरिया में 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' के तहत सखी वार्ता, बाल विवाह रोकने का दिलाया संकल्प

कार्यक्रम में उपस्थित लोग | Prabhat Khabar Network
बांका के कटोरिया में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत सखी वार्ता का आयोजन, बाल विवाह और दहेज प्रथा के खिलाफ छात्रों को किया गया जागरूक।
Sakhi Varta Program: कटोरिया (बांका). डीएम अंशुल अग्रवाल के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास निगम, बांका के अंतर्गत जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन द्वारा शुक्रवार को कटोरिया प्रखंड की भोरसार-भेलवा पंचायत स्थित कलोथर महादलित टोला सामुदायिक भवन में जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा एवं 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' योजना के तहत विशेष सखी वार्ता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं और ग्रामीण महिलाओं को सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक कर शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सरकारी योजनाओं से जोड़ना था.
महिला अधिकारों और सामाजिक कुरीतियों पर हुई चर्चा
कार्यक्रम में बाल विवाह, दहेज प्रथा, लैंगिक भेदभाव, घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला अधिकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई. वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह और दहेज जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए समाज के सभी वर्गों की भागीदारी आवश्यक है. महिलाओं और छात्र-छात्राओं को शिक्षा को प्राथमिकता देने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया.
सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ शेखर कुमार दास ने मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, मिशन शक्ति, महिला हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने महिलाओं से किसी भी प्रकार की समस्या होने पर महिला हेल्पलाइन 181 तथा बच्चों से संबंधित मामलों में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 का उपयोग करने की अपील की.
महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर दिया जोर
लैंगिक विशेषज्ञ श्रीकांत कुमार ने कहा कि महिलाओं और किशोरियों की सामाजिक, आर्थिक तथा शैक्षणिक भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से जिला स्तर पर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि जागरूक समाज ही महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण की मजबूत नींव रख सकता है.
बाल विवाह रोकने की दिलाई गई शपथ
Sakhi Varta Program: कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह, लैंगिक हिंसा, घरेलू हिंसा और दहेज उत्पीड़न जैसे विषयों पर चर्चा की गई. अंत में उपस्थित लोगों को बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई गई और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया गया. कार्यक्रम में विकास मित्र लीलावती कुमारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, छात्र-छात्राएं और महिलाएं मौजूद रहीं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपक चौधरी
दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










