धौरी से दुम्मा तक 55 किमी कच्चा कांवरिया पथ हो रहा तैयार, गंगा की महीन बालू बिछाने का काम तेज

Updated:
विज्ञापन
कांवरिया पथ में बिछ रहा बालू | Prabhat Khabar Network

कांवरिया पथ पर बालू बिछाते हुये

विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 की तैयारी ज़ोरों पर है. 55 किलोमीटर लंबे कच्चे कांवरिया पथ को दुरुस्त किया जा रहा है, जिसमें गंगा की महीन बालू बिछाई जाएगी. इससे नंगे पैर चलने वाले श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी.

विज्ञापन

Shravani Mela: कटोरिया (बांका). विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. सुल्तानगंज से बाबाधाम तक जलार्पण के लिए जाने वाले लाखों कांवरियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुंगेर जिला सीमा के धौरी से लेकर झारखंड सीमा स्थित दुम्मा तक लगभग 55 किलोमीटर लंबे कच्चे कांवरिया पथ को दुरुस्त किया जा रहा है. पथ की मरम्मत, समतलीकरण और गंगा की महीन बालू बिछाने का कार्य तेजी से चल रहा है.

कार्यपालक अभियंता कर रहे लगातार निरीक्षण

जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल के निर्देश पर पथ प्रमंडल बांका के कार्यपालक अभियंता संजीव कुमार लगातार कार्यस्थलों का निरीक्षण कर गुणवत्ता की निगरानी कर रहे हैं. वहीं संवेदक सतीश पंडित भी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर समतलीकरण, हाइड्रोलिक ट्रैक्टर से बालू गिराने तथा उसे समान रूप से बिछाने के कार्य की मॉनिटरिंग कर रहे हैं.

नंगे पांव कांवरियों को मिलेगी राहत

प्रशासन के अनुसार कच्चे कांवरिया पथ पर गंगा की महीन बालू बिछाने से नंगे पैर चलने वाले श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी. श्रावणी मेला के दौरान तेज धूप की स्थिति में पथ पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव भी कराया जाएगा, ताकि बालू अधिक गर्म न हो और कांवरियों को पैरों में जलन या अन्य परेशानी का सामना न करना पड़े.

मूलभूत सुविधाओं की तैयारी अंतिम चरण में

जिला प्रशासन ने बताया कि कांवरिया पथ की मरम्मत के साथ-साथ पेयजल, स्वास्थ्य सेवा, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं की तैयारियां भी अंतिम चरण में हैं. संबंधित विभागों को समय पर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं.

श्रद्धालुओं को मिलेगा बेहतर अनुभव

Shravani Mela: प्रशासन का उद्देश्य है कि इस वर्ष श्रावणी मेला में देश-विदेश से आने वाले लाखों शिवभक्तों को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिले. अधिकारियों का दावा है कि पिछले वर्षों की तुलना में इस बार श्रद्धालुओं के लिए अधिक बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.


विज्ञापन
दीपक चौधरी

लेखक के बारे में

By दीपक चौधरी

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन