दर्जी के बेटे मतिउर रहमान ने NEET में लहराया परचम, मिली 20,037वीं रैंक

फोटो: छात्र को मिठाई खिलाते पिता और मौजूद परिवार के लोग | Prabhat Khabar Network
बांका जिले के बौंसी बाजार निवासी मतिउर रहमान ने NEET-UG में 20,037वीं रैंक लाकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. एक दर्जी के बेटे मतिउर ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण से यह मुकाम हासिल किया है. उनकी यह सफलता दूसरे छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत है.
NEET Success: बांका जिले के बौंसी बाजार निवासी मतिउर रहमान ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है. पेशे से दर्जी मोजीब अंसारी के पुत्र मतिउर ने ऑल इंडिया 20,037वीं रैंक प्राप्त की है. इस सफलता के बाद उन्हें सरकारी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस सीट मिलने की उम्मीद मजबूत हो गई है.
अद्वैत मिशन से हुई शुरुआती पढ़ाई
मतिउर रहमान की प्रारंभिक शिक्षा अद्वैत मिशन मंदार विद्यापीठ से हुई. उन्होंने बताया कि विद्यालय ने उन्हें केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही नहीं, बल्कि अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण भी सिखाया. उन्होंने अपनी सफलता में विद्यालय के शिक्षकों और संस्थान के मार्गदर्शन को महत्वपूर्ण बताया.
तीसरे प्रयास में मिली सफलता
दसवीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद मतिउर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए पटना चले गए. वहां उन्होंने ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से लगातार अध्ययन किया. दो बार असफल होने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और तीसरे प्रयास में शानदार सफलता हासिल कर अपनी मेहनत का परिणाम प्राप्त किया.
सोशल मीडिया से बनाई दूरी
NEET Success: मतिउर ने बताया कि तैयारी के दौरान उन्होंने सोशल मीडिया से पूरी तरह दूरी बना ली थी. उनका पूरा ध्यान पढ़ाई, नियमित अभ्यास और समय प्रबंधन पर रहा. उनका कहना है कि आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर मेहनत ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है.
न्यूरोसर्जन बनकर करना चाहते हैं सेवा
मतिउर का सपना एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद न्यूरोसर्जन बनना है. उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य एक सफल चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करना और जरूरतमंद मरीजों का बेहतर इलाज करना है.
परिवार और शिक्षकों को दिया सफलता का श्रेय
मतिउर ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के सदस्यों को दिया. उन्होंने विशेष रूप से अद्वैत मिशन मंदार विद्यापीठ के चेयरमैन अरविंदाक्षन मडम्बथ और अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन को प्रेरणादायी बताया. उनकी सफलता पर मां जहाना परवीन, पिता मोजीब अंसारी, चाचा महफूज अंसारी, भाई शमीम अख्तर और शादिक अंसारी सहित परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने खुशी जताई. अद्वैत मिशन के चेयरमैन ने भी छात्र को बधाई देते हुए कहा कि संस्थान के विद्यार्थी लगातार विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संजीव कुमार
संजीव कुमार पाठक प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बौंसी (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










