अमरपुर के दौना गांव में जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, महिला समेत पांच घायल, दो की हालत गंभीर

Updated:
विज्ञापन
फोटो:अस्पताल में ईलाजरत जख्मी | Prabhat Khabar Network

फोटो:अस्पताल में ईलाजरत जख्मी | Prabhat Khabar Network

अमरपुर के दौना गांव में जमीन विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. लाठी-डंडों और चाकुओं से हुए हमले में एक महिला समेत पांच लोग घायल हो गए. दो लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें भागलपुर रेफर किया गया है.

विज्ञापन

Land Dispute: अमरपुर थाना क्षेत्र के दौना गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में महिला समेत पांच लोग घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए अमरपुर रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया.

महिला समेत पांच लोग हुए घायल

मारपीट में प्रथम पक्ष के मो. कादीर, उनकी पत्नी बीबी शहनाज और पुत्र मो. बारीक घायल हुए. वहीं दूसरे पक्ष के मो. जिबराईल उर्फ जिब्बो तथा बीबी शहनवाज भी जख्मी हो गए. रेफरल अस्पताल में डॉ. दिवाकर सिंह ने सभी का प्राथमिक उपचार किया. गंभीर रूप से घायल मो. कादीर और उनके पुत्र मो. बारीक को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर भेज दिया गया.

पहले पक्ष ने लगाया हमला करने का आरोप

Land Dispute: अस्पताल में इलाजरत मो. कादीर ने बताया कि उनके और मो. जिबराईल उर्फ जिब्बो के बीच अड्डा और घर की दीवार पर प्लास्टर को लेकर पहले से विवाद चल रहा था. उनके अनुसार पंचायत ने दोनों पक्षों को जमीन छोड़कर दीवार का प्लास्टर कराने की सलाह दी थी. आरोप है कि शनिवार को विपक्षी पक्ष बिना जमीन छोड़े जबरन प्लास्टर कराने लगा. विरोध करने पर मो. जिब्बो, मो. इरशाद, मो. अरसद, मो. इब्राहीम सहित अन्य लोगों ने लाठी-डंडा, कुल्हाड़ी और चाकू से हमला कर दिया. बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पुत्र और पत्नी को भी पीटकर घायल कर दिया गया.

दूसरे पक्ष ने भी लगाया मारपीट का आरोप

दूसरे पक्ष के घायल मो. जिब्बो ने आरोप लगाया कि शनिवार सुबह मो. कादीर अपने परिजनों के साथ उनके घर के पास आकर गाली-गलौज करने लगे. विरोध करने पर उन लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें और उनके परिवार के सदस्य को घायल कर दिया.

दोनों पक्ष देंगे लिखित आवेदन

घटना के बाद दोनों पक्षों ने अमरपुर थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग करने की बात कही है. पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन
प्रीतम कुमार

लेखक के बारे में

By प्रीतम कुमार

प्रीतम कुमार प्रिंट माध्यम में 12 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं. अमरपुर (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन