सावन की शुरुआत के साथ बदला मौसम, बांका में आज भारी बारिश का येलो अलर्ट, तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी

Updated:
विज्ञापन
मौसम की सांकेतिक तस्वीर.

मौसम की सांकेतिक तस्वीर.

Sawan Rain Alert : सावन महीने की शुरुआत के साथ ही बांका जिले में मौसम ने करवट ली है. भारी बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत मिली है और मौसम सुहावना हो गया है, जिससे किसानों में भी खुशी की लहर है.

विज्ञापन

Sawan Rain Alert : सावन महीने की शुरुआत के साथ ही बांका जिले में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है और जिले में झमाझम बारिश का दौर शुरू होने के आसार हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) और बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर की ग्रामीण कृषि मौसम सेवा के संयुक्त पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को बांका जिले के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और मेघगर्जन के साथ वज्रपात की आशंका जताई गई है.

2 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान मौसमी सिस्टम के प्रभाव से मानसून पूरी तरह सक्रिय है. आगामी 2 अगस्त तक जिले में मौसम का यही मिजाज बना रहेगा. इस दौरान एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी. आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा.

तापमान में नहीं होगा बड़ा बदलाव

पूर्वानुमान के अनुसार अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. सुबह के समय हवा में नमी 70 से 80 प्रतिशत तथा दोपहर में 60 से 70 प्रतिशत तक रह सकती है. सामान्य रूप से हवा की गति 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी, जबकि बारिश के दौरान तेज झोंके चल सकते हैं.

बारिश से सुहाना हुआ मौसम

गुरुवार की दोपहर बाद से ही जिले के कई हिस्सों में काले बादल छा गए और तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. बारिश के कारण लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली तथा पूरे जिले का मौसम सुहावना हो गया. सावन की पहली फुहार ने वातावरण को पूरी तरह मानसूनी रंग में रंग दिया है.

किसानों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

लगातार अच्छी बारिश की संभावना से किसानों में उत्साह बढ़ गया है. धान की रोपाई का कार्य तेज हो गया है और खेतों में पर्याप्त नमी मिलने से खरीफ फसलों को फायदा मिलने की उम्मीद है. कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि अधिक बारिश की स्थिति में खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था बनाए रखें ताकि फसल को नुकसान न पहुंचे.

वज्रपात को लेकर बरतें विशेष सावधानी

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें. खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा नहीं करें. किसान खेतों में काम करते समय मौसम की जानकारी पर नजर रखें और बिजली चमकने पर तुरंत सुरक्षित स्थान पर चले जाएं.

सावन का पहला सप्ताह रहेगा खुशनुमा

मौसम विभाग का अनुमान है कि सावन का पहला सप्ताह बारिश और ठंडी फुहारों के बीच बीतेगा. इससे जहां आम लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं खेती-किसानी को भी नई ऊर्जा मिलेगी. हालांकि भारी बारिश और वज्रपात की आशंका को देखते हुए सभी लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की जरूरत है.


विज्ञापन
सुभाष वैद्य

लेखक के बारे में

By सुभाष वैद्य

सुभाष वैद्य प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत वर्ष 2005 में की. अभी प्रभात खबर के बांका कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन