तमिलनाडु में बांका के युवक की संदिग्ध स्थिति में मौत, गांव पहुंचा शव तो मचा कोहराम, 3 साल के बेटे ने दी मुखाग्नि

मृतक विजय यादव का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
Banka News : तमिलनाडु में काम कर रहे बांका के 28 वर्षीय विजय कुमार यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. गांव पहुंचने पर परिवार में मातम छा गया, जहाँ उनके तीन वर्षीय बेटे ने मुखाग्नि देकर सभी को भावुक कर दिया. परिवार निष्पक्ष जांच और उचित मुआवजे की मांग कर रहा है.
Banka News : बांका जिले के सुईया थाना क्षेत्र के भदरिया गांव के 28 वर्षीय युवक विजय कुमार यादव की तमिलनाडु में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया. तीन वर्षीय बेटे द्वारा पिता को मुखाग्नि दिए जाने का मार्मिक दृश्य हर किसी को भावुक कर गया. अब परिजन मामले की निष्पक्ष जांच और उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं.
तमिलनाडु में जूस दुकान पर करता था काम
मृतक की पहचान भदरिया गांव निवासी किशोरी यादव के पुत्र विजय कुमार यादव (28) के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार विजय तमिलनाडु के चेंगलपट्टू जिले के गुडुवांचेरी थाना क्षेत्र स्थित एक जूस दुकान में काम करता था. बताया गया कि 21 जुलाई को वह गंभीर रूप से घायल हो गया था. इलाज के दौरान 27 जुलाई को उसकी मौत हो गई. गुरुवार को एंबुलेंस से शव गांव पहुंचा तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
सीढ़ी से गिरने की बात, लेकिन परिजनों को है संदेह
परिजनों का कहना है कि जूस दुकान के संचालक ने पुलिस को बताया कि विजय सीढ़ी से गिरकर घायल हुआ था. हालांकि स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी सामने आई है कि दुकान पर किसी विवाद के दौरान उसके सिर पर कांच के गिलास से हमला किया गया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. इसी वजह से परिजन इस मौत को संदिग्ध मान रहे हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.
परिजनों के अनुसार गुडुवांचेरी थाना में कांड संख्या 0308/2026 दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मासूम बेटे ने दी पिता को मुखाग्नि, नम हो गईं आंखें
गुरुवार को गांव में अंतिम संस्कार के दौरान विजय के तीन वर्षीय पुत्र अंश कुमार ने अपने पिता को मुखाग्नि दी. यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं. पत्नी बबीता देवी, पुत्री लक्ष्मी कुमारी, पुत्र अंश कुमार और अमन कुमार, माता टुसिया देवी तथा पिता किशोरी यादव सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था. ग्रामीणों ने भी शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया.
निष्पक्ष जांच और उचित मुआवजे की उठी मांग
मृतक के ममिया ससुर मुकेश यादव ने बताया कि दुकान संचालक ने एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देकर एंबुलेंस से शव गांव भेजने की व्यवस्था की. वहीं पीड़ित परिवार ने तमिलनाडु सरकार और स्थानीय प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, यदि हत्या या मारपीट की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपक चौधरी
दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










