वज्रपात की शिकार तीनों मृत महिलाओं के आश्रितों को विधायक ने सौंपे चार-चार लाख के चेक

Updated:
विज्ञापन

चेक सौंपते विधायक मनोज यादव व एसडीएम राजकुमार | Prabhat Khabar Network

बोड़ा गांव में वज्रपात का कहर, एक ही परिवार की तीन महिलाओं की मौत से मचा हाहाकार. सरकार ने पीड़ित परिवारों को ₹4-4 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की.

विज्ञापन

Banka News: बांका जिले के कटोरिया अनुमंडल अंतर्गत चांदन प्रखंड के सुईया थाना क्षेत्र स्थित बोड़ा गांव में मंगलवार को वज्रपात की दर्दनाक घटना में एक ही परिवार की तीन महिलाओं की मौत के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. घटना के अगले ही दिन बुधवार को सरकार की ओर से आपदा राहत के तहत पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई. बेलहर विधायक मनोज यादव और एसडीएम राजकुमार ने संयुक्त रूप से तीनों मृत महिलाओं के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये के चेक सौंपे और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया.

धान रोपाई के दौरान हुई थी दर्दनाक घटना

मंगलवार को बोड़ा गांव की महिलाएं खेत में धान की रोपाई कर रही थीं. इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई.

बारिश से बचने के लिए कुछ लोग खेत के पास एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए. तभी अचानक आकाशीय बिजली गिरने से राजेंद्र यादव की पत्नी रेणु देवी, टीपन यादव की पत्नी रिंकू देवी और शंभू यादव की पत्नी कुसमी देवी की मौके पर ही मौत हो गई.

इस घटना में दो किशोर भी घायल हुए, जिनका इलाज जारी है.

विधायक और एसडीएम ने परिजनों को सौंपे चेक

बुधवार को बेलहर विधायक मनोज यादव और एसडीएम राजकुमार बोड़ा गांव पहुंचे. उन्होंने मृत महिलाओं के आश्रित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और सरकार की ओर से आपदा राहत मद से स्वीकृत चार-चार लाख रुपये के चेक प्रदान किए.

सहायता राशि मिलने के बाद परिजनों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया, हालांकि पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है.

‘दुख की इस घड़ी में सरकार साथ है’

चेक वितरण के दौरान विधायक मनोज यादव ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है और सरकार तथा प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है.

उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक सहयोग जारी रहेगा.

मुख्यमंत्री से की थी त्वरित मदद की मांग

घटना के तुरंत बाद विधायक मनोज यादव कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की थी.

बताया गया कि उन्होंने त्वरित सहायता सुनिश्चित कराने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से भी मुलाकात की थी, जिसके बाद राहत राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज की गई.

कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

सहायता राशि वितरण के दौरान चांदन अंचलाधिकारी रविकांत कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी मनोज कुमार, सुईया थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार झा, समाजसेवी उमेश यादव, सत्तन यादव, पिंटू सिंह, तारणी यादव, कयूम अंसारी तथा पूर्वी कटसकरा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि भैरो मरीक सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे.

Banka News: ग्रामीणों ने मांगी स्थायी सुरक्षा व्यवस्था

घटना के बाद ग्रामीणों ने खेतों में काम करने वाले लोगों के लिए जागरूकता अभियान और वज्रपात से बचाव संबंधी उपायों को और प्रभावी बनाने की मांग की है.

लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में खेतों में काम करने वाले किसानों और मजदूरों के लिए समय पर मौसम संबंधी चेतावनी और सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था बेहद जरूरी है.

Also Read: 10 साल, शराबबंदी और हजारों करोड़ का नुकसान... बिहार में आखिर क्या बदला? पूरी तस्वीर आंकड़ों में समझिए

Also Read: बिहार में रात 11 बजे भी पढ़ाएंगे सरकारी स्कूलों के टीचर, 15 अगस्त से शुरू होगी ऑनलाइन क्लास, सम्राट चौधरी का ऐलान


विज्ञापन
दीपक चौधरी

लेखक के बारे में

By दीपक चौधरी

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन