बांका के डुमरामा में खेत जोतने को लेकर बवाल, लाठी-डंडों से मारपीट में तीन लोग घायल

Updated:
विज्ञापन

अस्पताल परिसर में मौजूद एक पक्ष के जख्मी मिथिलेश कुमार | Prabhat Khabar Network

बांका के अमरपुर में खेत जोतने को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई. लाठी-डंडे चलने से तीन युवक घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमले का आरोप लगाया है.

विज्ञापन

Banka News: बांका जिले के अमरपुर शहर के डुमरामा मोहल्ले में खेत जोतने के दौरान शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक मारपीट में बदल गया. लाठी-डंडों से हुई झड़प में तीन युवक घायल हो गए, जिनका इलाज अमरपुर रेफरल अस्पताल में कराया गया. घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है. मामला अब थाने तक पहुंच गया है और पुलिस को लिखित आवेदन देने की बात कही गई है.

ट्रैक्टर खेत में ले जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

घटना बुधवार दोपहर की बताई जा रही है. एक पक्ष के घायल मिथिलेश कुमार ने बताया कि वह अपने खेत की ट्रैक्टर से जुताई कराने गया था. उनके अनुसार खेत तक पहुंचने के लिए पर्याप्त जगह नहीं थी, इसलिए ट्रैक्टर चालक पड़ोसी दीपक कुमार के परती खेत से होकर उनके खेत में पहुंच गया.

मिथिलेश का आरोप है कि इसी बात पर दीपक कुमार, मनीष कुमार, रणवीर यादव और उनके अन्य परिजन लाठी-डंडे लेकर खेत पर पहुंच गए और गाली-गलौज करने लगे. विरोध करने पर उन लोगों ने लाठी-डंडे से हमला कर उन्हें घायल कर दिया.

दूसरे पक्ष का दावा, खेत में भरी मिट्टी को पहुंचाया नुकसान

दूसरे पक्ष के घायल दीपक कुमार ने पूरी घटना का अलग पक्ष रखा. उन्होंने बताया कि उनके खेत में हाल ही में मिट्टी की भराई कराई गई थी. आरोप है कि मिथिलेश कुमार ट्रैक्टर लेकर जबरन उनके खेत से गुजर गए और ट्रैक्टर में लगी फाड़ से खेत में भरी मिट्टी को नुकसान पहुंचा दिया.

दीपक का कहना है कि जब उन्होंने ट्रैक्टर को अपने खेत से हटाने के लिए कहा, तो मिथिलेश कुमार, शालीग्राम साह और उनके अन्य परिजनों ने मिलकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. उन्होंने बताया कि शोर सुनकर उनका भाई मनीष कुमार बीच-बचाव करने पहुंचा, लेकिन उसे भी पीटकर घायल कर दिया गया.

तीनों घायलों का अस्पताल में इलाज

मारपीट में घायल मिथिलेश कुमार, दीपक कुमार और मनीष कुमार को इलाज के लिए अमरपुर रेफरल अस्पताल लाया गया. यहां डॉक्टर राकेश कुमार ने तीनों का प्राथमिक उपचार किया.

अस्पताल परिसर में दोनों पक्षों के लोग मौजूद रहे और घटना को लेकर एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहे. इस दौरान स्थानीय लोगों की भीड़ भी अस्पताल में जुट गई.

थाने में शिकायत की तैयारी

घटना के बाद दोनों पक्षों ने अमरपुर थाना में लिखित आवेदन देने की बात कही है. पुलिस को आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच शुरू होने की संभावना है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि खेत की सीमा और रास्ते को लेकर गांवों में अक्सर विवाद होते हैं, लेकिन समय रहते समाधान नहीं होने पर ऐसे विवाद हिंसक रूप ले लेते हैं.

Banka News: पुलिस जांच के बाद होगी कार्रवाई

फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. दोनों पक्षों के आवेदन मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल और दोनों पक्षों के आरोपों की जांच करेगी. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: 10 साल, शराबबंदी और हजारों करोड़ का नुकसान... बिहार में आखिर क्या बदला? पूरी तस्वीर आंकड़ों में समझिए

Also Read: बिहार में रात 11 बजे भी पढ़ाएंगे सरकारी स्कूलों के टीचर, 15 अगस्त से शुरू होगी ऑनलाइन क्लास, सम्राट चौधरी का ऐलान


विज्ञापन
प्रीतम कुमार

लेखक के बारे में

By प्रीतम कुमार

प्रीतम कुमार प्रिंट माध्यम में 12 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं. अमरपुर (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन