शंभुगंज में ‘निक्षय मित्र’ बना नर्सिंग कॉलेज, 10 टीबी मरीजों को पोषण किट, स्वस्थ होने तक हर माह मदद का संकल्प
शंभुगंज में पोषण किट वितरण करते कॉलेज के कर्मी. | Prabhat Khabar Network
शंभुगंज स्थित एसकेएम कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल ने 'निक्षय मित्र' बनकर 10 टीबी मरीजों के लिए पोषण आहार किट का वितरण किया. संस्थान ने मरीजों के पूरी तरह स्वस्थ होने तक हर माह किट उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी ली है.
शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र स्थित एसकेएम कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल, ढाड़ी पकरीया की ओर से टीबी यानी यक्ष्मा मरीजों के सहयोग के लिए मंगलवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. संस्थान ने ‘निक्षय मित्र’ बनकर सक्षम आहार किट योजना के तहत 10 यक्ष्मा रोगियों के बीच पोषण आहार किट का वितरण किया.
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज परिवार की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शंभुगंज से पहुंचे स्वास्थ्य कर्मियों को बुके और अंगवस्त्र देकर सम्मानित भी किया गया. संस्थान ने इन सभी मरीजों के पूरी तरह स्वस्थ होने तक प्रत्येक माह पोषण किट उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी लेने की बात कही.
पोषण किट में पौष्टिक खाद्य सामग्री
वितरित पोषण किट में प्रत्येक टीबी मरीज को छह किलोग्राम चावल दिया गया. इसके अलावा एक-एक किलोग्राम चना, मूंग दाल, अरहर दाल और सोयाबीन तथा आधा किलोग्राम हॉर्लिक्स सहित अन्य आवश्यक पौष्टिक खाद्य सामग्री शामिल थी.
संस्थान की ओर से बताया गया कि टीबी मरीजों के लिए दवाओं के साथ पौष्टिक और संतुलित आहार भी महत्वपूर्ण है. इसी उद्देश्य से मरीजों को नियमित पोषण सहायता उपलब्ध कराने की पहल की गयी है.
मानव सेवा ही संस्थान का मुख्य उद्देश्य
संस्थान के निदेशक मानवेंद्र सिंह गौतम उर्फ बाबुल ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक सरोकारों में संस्थान हमेशा अग्रणी भूमिका निभाता रहा है. स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, जल संचयन और नशामुक्ति जैसे क्षेत्रों में संस्थान की ओर से लगातार गतिविधियां आयोजित की जाती हैं.
प्रबंध निदेशक सुधीर प्रसाद सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा देने के साथ मानव सेवा का भाव विकसित करना भी संस्थान का प्रमुख उद्देश्य है. चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थियों को समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा के प्रति संवेदनशील बनाना जरूरी है.
दवा के साथ संतुलित आहार लेने की सलाह
सीएचसी प्रबंधक अमित कुमार पंकज ने टीबी मरीजों को नियमित रूप से दवाइयां लेने के साथ संतुलित और पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी. उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच कराने पर भी जोर दिया.
उन्होंने विद्यार्थियों को चिकित्सा क्षेत्र में सेवा भाव को प्राथमिकता देने की अपील की. कार्यक्रम के माध्यम से टीबी मरीजों के प्रति सामाजिक सहयोग और जागरूकता का संदेश भी दिया गया.
स्वास्थ्य कर्मियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम में पकरिया पंचायत के मुखिया दीपक कुमार सिंह, सीएचसी प्रबंधक अमित कुमार पंकज, वरीय उपचार पर्यवेक्षक हिमांशु शेखर, टीबी चैंपियन अटल झा, प्रशासनिक पदाधिकारी गोपाल प्रसाद सिंह सहित पैरामेडिकल कॉलेज की कर्मी सोनम, अमृता, मनीषा, स्वाति, आरती एवं अन्य लोग मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By ठाकुर विनोद कुमार
ठाकुर विनोद कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. शंभूगंज (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










