श्रावणी मेला में 15 सूचना केंद्र बने बिछड़े कांवरियों का सहारा, दो श्रद्धालुओं को परिजनों से मिलाया

Updated:
विज्ञापन

परिजनों के बीच बालक कांवरिया. | Prabhat Khabar Network

श्रावणी मेला-2026 में जिला प्रशासन द्वारा स्थापित 15 सूचना केंद्र बिछड़े कांवरियों के लिए जीवन रेखा साबित हो रहे हैं. ये केंद्र श्रद्धालुओं को उनके परिजनों से मिलाने और खोया हुआ सामान वापस दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. डीएम अंशुल अग्रवाल के निर्देश पर संचालित ये केंद्र यात्रा को सुरक्षित और सुगम बना रहे हैं.

विज्ञापन

श्रावणी मेला-2026 में कांवरिया श्रद्धालुओं की सुविधा और सहायता के लिए जिला प्रशासन की ओर से कांवरिया पथ पर स्थापित किए गए 15 सूचना केंद्र इन दिनों बिछड़े श्रद्धालुओं के लिए ‘मददगार’ साबित हो रहे हैं. डीएम अंशुल अग्रवाल के निर्देश पर संचालित इन सूचना केंद्रों के माध्यम से यात्रा के दौरान परिजनों से बिछड़ने वाले श्रद्धालुओं को उनके परिवार से मिलाने के साथ खोया हुआ सामान भी संबंधित लोगों तक पहुंचाया जा रहा है.

सूचना मिलते ही सक्रिय हुई टीम, महिला को परिजनों से मिलाया

इसी क्रम में मंगलवार को 55 वर्षीय सविता देवी कांवरिया यात्रा के दौरान अपने परिजनों से बिछड़ गयीं. इसकी सूचना मिलते ही अबरखा सूचना केंद्र की टीम सक्रिय हो गयी. टीम ने सविता देवी से आवश्यक जानकारी जुटायी और परिजनों की तलाश शुरू की. प्रयास के बाद उन्हें सुरक्षित उनके परिवार के सदस्यों से मिला दिया गया.

वहीं, देवघर झारखंड निवासी नौ वर्षीय ऋषि कुमार भी कांवरिया पथ पर यात्रा के दौरान अपने परिजनों से बिछड़ गये थे. सूचना मिलने पर शिवलोक सूचना केंद्र की टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की. आवश्यक जानकारी जुटाकर बच्चे के परिजनों का पता लगाया गया और ऋषि कुमार को सुरक्षित उनके परिवार के सदस्यों के सुपुर्द कर दिया गया.

बिछड़े श्रद्धालुओं के साथ खोया सामान भी पहुंचा रहे

कांवरिया पथ पर संचालित अन्य सूचना केंद्रों के माध्यम से भी अब तक कई बिछड़े श्रद्धालुओं को उनके परिजनों से मिलाने में सफलता मिली है. इसके अलावा यात्रा के दौरान खोने वाले सामान को भी संबंधित श्रद्धालुओं तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है.

भीड़भाड़ वाले कांवरिया पथ पर श्रद्धालुओं के अपने साथियों या परिजनों से बिछड़ने की स्थिति में ये सूचना केंद्र तत्काल मदद उपलब्ध करा रहे हैं. इससे कांवरिया श्रद्धालुओं को काफी राहत मिल रही है.

सुरक्षित और सुगम यात्रा पर प्रशासन का जोर

जिला प्रशासन की ओर से कांवरिया श्रद्धालुओं से अपील की गयी है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होने पर वे अपने निकटतम सूचना केंद्र अथवा जिला नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें.

प्रशासन का कहना है कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और सुखद कांवर यात्रा सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है. सूचना केंद्रों के माध्यम से श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं का समाधान भी किया जा रहा है.


विज्ञापन
दीपक चौधरी

लेखक के बारे में

By दीपक चौधरी

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन