बांका में अमन, भाईचारे व त्याग के संदेश के मनायी जा रही बकरीद, ईदगाहों में उमड़ी नमाजियों की भीड़

Updated:
विज्ञापन
बांका में अमन, भाईचारे व त्याग के संदेश के मनायी जा रही बकरीद, ईदगाहों में उमड़ी नमाजियों की भीड़

Banka News : बांका जिले में गुरुवार को ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का त्योहार पूरे धार्मिक उत्साह, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया. जिले के विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में सुबह से ही नमाज अदा करने के लिए मुस्लिम समुदाय के लोगों की भारी भीड़ उमड़ी.

विज्ञापन

बांका से नवनीत कुमार की रिपोर्ट

Banka News : शहर स्थित ईदगाह में जामा मस्जिद के इमाम हाजी मनीरुद्दीन ने बकरीद की विशेष नमाज अता कराई. नमाज के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर देश और समाज में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की दुआ की.

अपने संबोधन में इमाम हाजी मनीरुद्दीन ने कहा कि बकरीद त्याग, बलिदान और इंसानियत का संदेश देने वाला पर्व है. यह पर्व हमें नेकी की राह पर चलने और सभी के प्रति प्रेम एवं सम्मान की भावना रखने की सीख देता है.

नमाज के बाद गले मिलकर दी मुबारकबाद

नमाज संपन्न होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की बधाई दी. इसके बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने परंपरा के अनुसार कुर्बानी की रस्म अदा की. पूरे शहर में त्योहार को लेकर उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा.ईदगाह के बाहर मेले जैसा नजारा देखने को मिला. यहां तरह-तरह के व्यंजन, खिलौने और आइसक्रीम की दुकानें सजी थीं, जहां बच्चों ने जमकर आनंद उठाया.

प्रशासनिक व्यवस्था रही चुस्त-दुरुस्त

बकरीद पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया. ईदगाह परिसर और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. एसडीओ राजकुमार, एसडीपीओ अमर विश्वास और थानाध्यक्ष सुधीर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर मुस्तैद दिखे. वरीय अधिकारी भी लगातार स्थिति की मॉनिटरिंग करते रहे.

खुले में कुर्बानी नहीं देने की अपील

जामिया इस्लामिया फाउंडेशन और ओलामा काउंसिल बांका की ओर से लोगों से चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और खुले स्थानों पर बकरों की कुर्बानी नहीं देने की अपील की गई. साथ ही साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखने तथा कुर्बानी की फोटो या वीडियो सोशल मीडिया पर साझा नहीं करने की भी अपील की गई.संगठनों ने लोगों से दूसरे समुदाय की भावनाओं का सम्मान करते हुए प्रेम, शांति और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की बात कही.

बकरीद को लेकर कंट्रोल रूम रहा एक्टिव

बकरीद पर्व को लेकर अनुमंडल कार्यालय परिसर में 28 मई से 30 मई तक जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है. यह कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा. गुरुवार सुबह सात बजे से ही यहां दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी तैनात रहे.प्रशासन ने आम लोगों से किसी भी आपात स्थिति में नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06424-222225 पर संपर्क करने की अपील की है.

विज्ञापन
अमित कुमार सिन्हा

लेखक के बारे में

By अमित कुमार सिन्हा

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन