बांका के प्रसिद्ध शिव मंदिर में भक्ति का अद्भुत नजारा, काशी के आचार्यों ने कराई गंगा महाआरती

Updated:
विज्ञापन

कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालु और महाआरती करते काशी के पंडित | Prabhat Khabar Network

बांका के बौंसी प्रखंड स्थित बाबा पिपलेश्वर नाथ महादेव मंदिर में 108वें श्रावणी महोत्सव का दिव्य आयोजन किया गया. काशी से पधारे आचार्यों की अगुवाई में भव्य गंगा महाआरती हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया. यह आयोजन क्षेत्र की धार्मिक पहचान को और मजबूत कर रहा है.

विज्ञापन

Banka News: बांका जिले के बौंसी प्रखंड स्थित प्रसिद्ध बाबा पिपलेश्वर नाथ महादेव मंदिर में चल रहे 108वें श्रावणी महोत्सव के दौरान सोमवार देर रात श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला. काशी से पहुंचे आचार्यों की अगुवाई में मंदिर परिसर में भव्य गंगा महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया. महाआरती के दौरान पूरा परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय शिव’ के जयकारों से गूंज उठा.

श्रावण मास में बाबा पिपलेश्वर नाथ मंदिर क्षेत्र की प्रमुख धार्मिक आस्था का केंद्र बन जाता है. इस बार 108वें श्रावणी महोत्सव को विशेष रूप से भव्य स्वरूप दिया गया है, जिसके कारण दूर-दराज से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिर पहुंच रहे हैं.

काशी के आचार्यों की अगुवाई में हुई दिव्य महाआरती

महाआरती का आयोजन काशी से आए आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ कराया गया. दीपों की रोशनी, घंटों की ध्वनि और शिव स्तुति के बीच मंदिर परिसर में ऐसा वातावरण बना कि श्रद्धालु लंबे समय तक भक्ति में लीन रहे.

स्थानीय लोगों के अनुसार श्रावणी महोत्सव के दौरान प्रत्येक सोमवार और विशेष पर्वों पर आयोजित होने वाली गंगा महाआरती अब इस मंदिर की प्रमुख धार्मिक पहचान बनती जा रही है.

अंचलाधिकारी और अतिथियों ने किया उद्घाटन

महाआरती की विधिवत शुरुआत अंचलाधिकारी कुमारी आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश उर्फ विक्की मिश्रा, सामाजिक कार्यकर्ता देवाशीष उर्फ निप्पू पांडे और प्रभात खबर के संवाददाता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की.

इस अवसर पर अंचलाधिकारी कुमारी आर्या ने कहा कि बाबा पिपलेश्वर नाथ मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है और ऐसे धार्मिक आयोजनों से श्रद्धालुओं को बेहतर आध्यात्मिक वातावरण मिलता है. उन्होंने कहा कि प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध करा रहा है.

भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश उर्फ विक्की मिश्रा ने कहा कि श्रावणी महोत्सव में बढ़ती श्रद्धालुओं की भागीदारी से क्षेत्र की धार्मिक पहचान और मजबूत हो रही है.

श्रावणी पूर्णिमा पर होगा विशेष महाशृंगार और भजनमाला

महोत्सव के अगुवा कथावाचक ओमप्रकाश मिश्रा ने बताया कि प्रत्येक सोमवार और श्रावणी पूर्णिमा के अवसर पर काशी के आचार्यों द्वारा श्री गंगा महाआरती कराई जा रही है.

उन्होंने बताया कि श्रावणी पूर्णिमा पर मंदिर में विशेष महाशृंगार, लाइव कार्यक्रम, कोलकाता की सांस्कृतिक प्रस्तुति और भजनमाला का आयोजन किया जाएगा. यह श्रावणी महोत्सव 30 जुलाई से शुरू हुआ है और 28 अगस्त तक चलेगा.

महोत्सव के दौरान रुद्राभिषेक, शिवमहापुराण, श्रीमद्भागवत और श्रीराम कथा सहित अनेक धार्मिक अनुष्ठान नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं.

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था

मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है. भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग से मंदिर तक आकर्षक तोरण द्वार, रोड लाइट और विशाल पंडाल लगाए गए हैं.

पूरे मंदिर परिसर को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है. श्रद्धालुओं के लिए आवास, चिकित्सा, पेयजल और दोनों समय भंडारे की व्यवस्था भी की गई है.

Banka News: सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

श्रावणी महोत्सव में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की गई है. पूरे मंदिर परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही है. पुलिस की गश्ती टीम समय-समय पर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर रही है.

कार्यक्रम के दौरान अवधेश मिश्रा, कल्याण सिंह, अजय पासवान, सोनू ठाकुर, मनोज चौधरी, सिम्पी कुमारी, डॉली कुमारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे.

Also Read: पूर्वोत्तर भारत का इंडस्ट्रियल हब बनेगा बिहार, करोड़ों के प्रोजेक्ट्स से बदलेगी सूरत, कुछ ऐसा है मास्टर प्लान

Also Read: अगर RJD छोड़ देता तो आज डिप्टी CM होता', भाई वीरेंद्र बोले- लालू के साथ रहने के लिए बहुत त्याग किया


विज्ञापन
संजीव कुमार

लेखक के बारे में

By संजीव कुमार

संजीव कुमार पाठक प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बौंसी (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन