सूर्य आस्था का महासंगम: डोरा पर्व संपन्न, मिश्रा चक में उमड़ा जनसैलाब, दर्जनों बच्चों का हुआ मुंडन संस्कार

सूर्य आस्था का महासंगम: डोरा पर्व संपन्न, मिश्रा चक में उमड़ा जनसैलाब, दर्जनों बच्चों का हुआ मुंडन संस्कार
बौंसी. प्रखंड क्षेत्र के मिश्राचक में आयोजित तीन दिवसीय पौराणिक डोरा पर्व का रविवार को विधिवत समापन हो गया. पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और आस्था का अद्भुत माहौल देखने को मिला. अंतिम दिन श्रद्धालुओं ने डोरा खोलकर अर्घ्य अर्पित किया और विधि-विधान के साथ नेम-निष्ठा से पूजा-अर्चना कर पर्व का समापन किया. पर्व के समापन अवसर पर मिश्राचक स्थित प्राचीन सूर्य आश्रम में श्रद्धालुओं की भीड़ से पट गया. यहां बड़ी संख्या में लोगों ने अपने बच्चों का मुंडन संस्कार संपन्न कराया. पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्ति, आस्था और पारंपरिक अनुष्ठानों की गूंज सुनाई देती रही. श्रद्धालुओं ने भगवान भास्कर की आराधना कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, निरोग जीवन और मंगलकामना की प्रार्थना की. मंदिर के पुजारी पंडित राजकिशोर मिश्रा ने बताया कि सूर्य आश्रम का इतिहास अत्यंत प्राचीन और गौरवशाली है. यह स्थान बिहार और झारखंड के श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र है. दूर-दूर से लोग यहां संतान प्राप्ति, स्वास्थ्य लाभ और अन्य मनोकामनाओं के साथ पहुंचते हैं. मान्यता है कि मनोकामना पूर्ण होने पर श्रद्धालु यहां चार दिन तक ठहरकर भगवान सूर्य की विशेष पूजा करते हैं. उन्होंने यह भी बताया कि आश्रम की सबसे खास बात यह है कि यहां आने वाले सभी श्रद्धालुओं के रहने और भोजन की व्यवस्था मंदिर परिवार द्वारा सामूहिक रूप से की जाती है, जो इस स्थल की सेवा-भावना को दर्शाता है. स्थानीय मान्यता के अनुसार, यहां के पूर्वजों को भगवान भास्कर ने छाया रूप में दर्शन दिए थे, जिसके बाद इस पवित्र सूर्य आश्रम की स्थापना हुई. तभी से यह स्थान श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का केंद्र बना हुआ है. डोरा पर्व के सफल समापन के साथ एक बार फिर मिश्रा चक ने अपनी धार्मिक विरासत और परंपरा की जीवंत मिसाल पेश की, जहां आस्था, सेवा और संस्कृति का सुंदर संगम देखने को मिला.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




