अश्रुपूर्ण नेत्रों से दी मां दुर्गा को विदाई

बाराहाट/पंजवारा : दिन तिथि को लेकर बने असमंजस के कारण प्रखंड क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन और मेला मैदानों पर शुक्रवार को जन सैलाब उमड़ पड़ा. प्रतिमा विसर्जन को लेकर शुक्रवार दोपहर बाद ही मंदिरों में मां के अंतिम दर्शन करने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी. प्रखंड के अलग-अलग हिस्सों में दुर्गापूजा […]
बाराहाट/पंजवारा : दिन तिथि को लेकर बने असमंजस के कारण प्रखंड क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन और मेला मैदानों पर शुक्रवार को जन सैलाब उमड़ पड़ा. प्रतिमा विसर्जन को लेकर शुक्रवार दोपहर बाद ही मंदिरों में मां के अंतिम दर्शन करने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी. प्रखंड के अलग-अलग हिस्सों में दुर्गापूजा के लिए मंदिरों में सजावट से लेकर मेला मैदान में खेल तमाशा वालों के लिए आयोजकों की तरफ से खास ख्याल रखा गया था.
क्षेत्र में खासकर बभनगामा, सहरना, सबलपुर, बाराहाट, औरिया, पंजवरा में मां की आराधना को लेकर खासा उत्साह देखा गया. मेला और स्थानीय बाजार में रौनक एक बार फिर लौटती नजर आयी. प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम देर रात तक जारी था. भक्तों ने अश्रुपूर्ण नेत्रों से मां दुर्गा को विदा किया.
इस दौरान पूरा मंदिर परिसर मां के जयकारे और घंटे से गुंजायमान होता रहा. स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ कई स्वयंसेवक भक्तों की सुरक्षा व्यवस्था में लगे हुए थे. बौंसी प्रतिनिधि के अनुसार, दुर्गापूजा धूमधाम से पूरे प्रखंड में मनाया गया. बौंसी बाजार के पुरानी हाट स्थित दुर्गा मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा.
दुमका रोड स्थित दुर्गा मंदिर, कुड़रो देवी मंदिर, फागा, शक्तिनगर, गोकुला, कुशमाहा, साढ़ामोह, श्यामबाजार, नयागांव सहित विभिन्न जगहों पर हर्षोल्लास के साथ दुर्गा पूजा मनाया गया. पूजा को लेकर क्षेत्र में उत्सवी माहौल बना रहा. एकादशी के दिन शुक्रवार को पुरानी हाट की दुर्गा, फागा सहित अन्य जगहों पर प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया. इस अवसर पर फागा में मुखिया उमाकांत चौधरी के द्वारा वस्त्र का वितरण किया गया. आदिवासी नृत्य का आयोजन किया गया, जिसे देखने काफी संख्या में लोग जुटे.
नम आंखों से दी मां को विदाईधोरैया प्रतिनिधि के अनुसार, प्रखंड क्षेत्र में दुर्गापूजा का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया़ क्षेत्र के सभी जगहों पर शुक्रवार को निर्धारित समय के अनुसार मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया. क्षेत्र के चंदाडीह, दुर्गा बाजार, ओडा, घसिया, धनकुंड आदि जगहों में नम आंखों से नेत्रों से मां को अंतिम विदाई दी़ मेले में सीआरपीएफ की विशेष प्रतिनियुक्ति से इस बार काफी शांतिपूर्वक व सौहार्द वातावरण में पूजा संपन्न हुई़ बीडीओ गुरुदेव प्रसाद गुप्ता व थानाध्यक्ष शोएब आलम गश्ती करते देखे गये़ श्रद्धालुओं में उत्साहबांका. जिले में दशहरा का शोर गुरुवार को थम गया.
शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण इलाकों में मां दुर्गा के दर्शन व अंतिम विदाई के समय श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया. लोग विजया दशमी के दिन अपनी बुराई को त्याग एक नयी ऊर्जा के साथ जीवन में अच्छे करने की संकल्प लेते दिखे. भक्त अपने अंदर दैवीय गुणों का ध्यान व अध्यात्म का स्मरण कर जिंदगी में सुख व शांति की आराधना किये. जिले के सभी प्रखंडों में लगभग गुरुवार को मां दुर्गा की विदाई की गयी. बांका शहर में जहां विजय नगर, करहरिया, जगतपुर, पुरानी ठाकुरबाड़ी में मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा बना कर मेले का आयोजन होता किया गया. ग्रामीण इलाकों जैसे ककबारा, कटोरिया, गुरुद्वार, तेलडीहा, खेसर, फुल्लीडुमर, केडिया आदि जगहों पर मां का विसर्जन शांति पूर्ण रहा.
वैसे कुछ जगहों पर मां दुर्गा का विसर्जन शुक्रवार को किया गया. जिले के आरएमके हाइस्कूल के मैदान पर विजया दशमी के दिन रावण का पुतला दहन किया गया. प्रशासन की ओर से शहरी क्षेत्र के अलावा ग्रामीण इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किया गया था. हालांकि दुर्गा मां का पर्व तो हर वर्ष आती है और रावण का वध भी हर वर्ष होता है.
लेकिन गौर करने वाली बात यहां यह है कि हम इंसान अपने जीवन में इस दुर्गा दैवीय गुणों को कितना अमल कर पाते हैं. शंभुगंज प्रतिनिधि के अनुसार, क्षेत्र के 13 जगहों पर शारदीय नवरात्रा 13 अक्तूबर से दुर्गा प्रतिमा स्थापित कर विधि विधान से प्रारंभ हुआ था. जहां क्षेत्र के मात्र चार जगह हरवंशपुर तिलडीहा दुर्गा मंदिर, सोनडीहा दुर्गा मंदिर, शाहपुर दुर्गा मंदिर एवं पकरिया दुर्गा मंदिर में स्थापित दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन गुरुवार 22 अक्तूबर को शांतिपूर्ण संपन्न हो गया.
18 हजार पाठों की दी गयी बलि प्रसिद्ध तांत्रिक शक्तिपीठ हरवंशपुर तिलडीहा दुर्गा मंदिर में शारदीय नवरात्रा के अवसर पर लगने वाले श्रद्धालुओं की अपार भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा शांति पूर्वक दुर्गा पूजा संपन्न कराया गया. इस मंदिर में अष्टमी एवं नवमी पूजा पर बिहार राज्य के साथ-साथ अन्य राज्यों से आये श्रद्धालुओं द्वारा अपनी मन्नत को पूरा करने के लिए मां भगवती के दरबार में 18 हजार पाठों की बलि दी गयी.
गुरुवार की देर संध्या तक जिला प्रशासन एवं स्थानीय प्रशासन के संरक्षण में माता की प्रतिमा का विसर्जन बड़ुआ नदी में किया गया. सीसीटीवी कैमरे की नजर में था मेला परिसर प्रसिद्ध तांत्रिक शक्ति पीठ हरवंशपुर तिलडीहा दुर्गा मंदिर में शारदीय नवरात्रा के अवसर पर श्रद्धालुओं की अपार भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सीसीटीवी कैमरा लगाने का प्रस्ताव रखा गया, जिससे मेला पर नजर रखा जा सके.
सुलतानगंज नगर परिषद के वार्ड सदस्य द्वारा मेला में 12 जगहों पर सीसीटीवी कैमरा नि:शुल्क लगाया गया था. इसकी जानकारी कैमरा लगाने वाले हीरा कुमार द्वारा दी गयी. देर रात तक लगी रही भीड़ जयपुर. ओपी नक्सल प्रभावित क्षेत्र में चार जगहों पर स्थापित दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन शुक्रवार को शांतिपूर्ण वातावरण में किया गया. क्षेत्र में चार जगहों पर प्रतिमा स्थापित कर मेला का आयोजन किया जाता है.
रात में कलाकारों द्वारा भक्ति संगीत कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाता है. मां दुर्गा की दर्शन के लिए सभी जगहों पर श्रद्धालुओं की भीड़ देर रात तक लगी रही और देर रात तक प्रतिमा का विसर्जन किया गया. मेले को शांतिपूर्ण संपन्न करने हेतु प्रशासन भी चुस्त था. मौके पर सीओ विजय कुमार गुप्ता, ओपी अध्यक्ष अर्जुन सिंह एवं बीएमपी के जवान तैनात थे. धूमधाम से मनाया गया दुर्गा पूजा अमरपुर.
प्रखंड क्षेत्र में कई जगहों पर आयोजित दुर्गा पूजा का समापन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया. नवमी एवं दशमी पूजा को श्रद्धालुओं द्वारा नेम और निष्ठा के साथ पूजा-अर्चना की गयी. मां की दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ मंदिर परिसर में लगी रही. मेले में छोटे – छोटे बच्चों में खासा उत्साह था. बच्चे खिलौने के दुकान में रंग बिरंगे खिलौने खरीदने में मशगूल रहे. शांतिपूर्ण माहौल में दुर्गा पूजा संपन्न कराने के लिए प्रशासन भी चौकस दिखे.
सभी प्रतिमा का विसर्जन शुक्रवार को करा दिया गया. मेले के दौरान पूजा पंडाल पर अलग – अलग दंडाधिकारी नियुक्त कर उनकी मौजूदगी में शांतिपूर्ण पूजा संपन्न कराया गया. इस बार अमरपुर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन में महिलाओं ने बढ़ चढ़ कर भागीदारी ली. डुमरामा में बंगाली समुदाय के लोगों ने दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के पूर्व सभी महिला एक दूसरे को सिंदूर लगा कर मां दुर्गा को विदाई दी साथ ही अगले वर्ष जल्दी आने की कामना की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










