औरंगाबाद में NH- 19 पर ढाबा कर्मी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई साजिश की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पोस्टमार्टम के इंतजार में परिजन
औरंगाबाद के बारुण थाना क्षेत्र स्थित न्यू मोगा पंजाबी ढाबा में एक कामगार दलबीर सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. परिजनों ने ढाबा संचालक पर लापरवाही और साजिश का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.
राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर बारुण थाना क्षेत्र स्थित न्यू मोगा पंजाबी ढाबा में कार्यरत एक कामगार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. घटना के बाद मृतक के परिजनों ने मौत को लेकर सवाल खड़े किए हैं और किसी साजिश की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. सूचना मिलने के बाद शुक्रवार को बारुण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के पूंजीपत्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत गेरवानी गांव निवासी 48 वर्षीय दलबीर सिंह के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दलबीर सिंह पहले वाहन चालक के रूप में काम करते थे. काफी समय पहले वह परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने और रोजगार की तलाश में घर से बाहर निकले थे. पिछले कुछ समय से वह औरंगाबाद जिले के बारुण स्थित न्यू मोगा पंजाबी ढाबा में काम कर रहे थे.
ढाबा संचालक के फोन के बाद परिजन पहुंचे बारुण
मृतक के पुत्र राजेंद्र सिंह और दामाद दीपक ने बताया कि गुरुवार की शाम ढाबा संचालक राजवीर सिंह का फोन आया था. फोन पर उन्होंने दलबीर सिंह की तबीयत खराब होने की जानकारी दी थी. इसके बाद परिवार के लोग तुरंत औरंगाबाद के लिए रवाना हो गए.
परिजनों के अनुसार जब वे ढाबे पर पहुंचे तो वहां दलबीर सिंह का शव पड़ा हुआ था. ढाबा संचालक की ओर से बताया गया कि दलबीर सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी. उनका इलाज कराने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका.
परिजनों ने जताया साजिश की आशंका
मृतक के परिजनों ने इस घटना को संदिग्ध बताया है. दलबीर सिंह के दामाद दीपक ने कहा कि मौत की परिस्थितियां सामान्य नहीं लग रही हैं. उन्होंने आशंका जताई कि इस मामले के पीछे कोई साजिश हो सकती है. उन्होंने बताया कि ढाबा संचालक की ओर से पहले शव का पोस्टमार्टम नहीं कराने की बात कही गई थी, जिसके बाद उनका शक और गहरा गया.
पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
परिजनों ने मामले की जानकारी तत्काल बारुण थाना पुलिस को दी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की. उन्होंने बताया कि ढाबा संचालक राजवीर सिंह भी छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले का ही रहने वाला है.
इधर, बारुण थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है. पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.
बारुण थानाध्यक्ष का बयान
बारुण थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले मौत के कारणों के बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी. पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
फिलहाल दलबीर सिंह की मौत का रहस्य पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा. पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










