विवेकानंद वीआइपी स्कूल को मिला ग्रीन स्कूल अवॉर्ड

बिहार प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने चुने दस उत्कृष्ट विद्यालय, पर्यावरण कार्यों पर सम्मान
औरंगाबाद कार्यालय. शहर के विवेकानंद वीआइपी स्कूल को बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा इस वर्ष ग्रीन स्कूल अवॉर्ड से नवाजा गया. यह अवॉर्ड बिहार के दस उत्कृष्ट स्कूलों को दिया गया है. विद्यालय द्वारा चलाए जा रहे ‘आत्मोदय’ अभियान के तहत पौधारोपण, स्वच्छता, जल संरक्षण, मृदा संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए यह सम्मान मिला है. पिछले 26 वर्षों से चल रहे इस अभियान के तहत विद्यालय के छात्र-छात्राएं विभिन्न गांवों, सरकारी परिसरों और विद्यालयों में जाकर पौधारोपण करते हैं और स्थानीय लोगों के साथ पर्यावरण विषयक संवाद स्थापित कर उन्हें जागरूक करते हैं. इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आए हैं. आसपास के गांवों में लोग पाैधारोपण, जल व मृदा संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक हुए हैं और इस दिशा में प्रयास कर रहे है. विवेकानंद ब्रिगेड द्वारा हर वर्ष स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि पर ‘आत्मोदय’ अभियान के तहत पखवारा चलाकर स्थानीय लोगों से संवाद किया जाता है, जिसमें पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न आयामों पर चर्चा होती है. बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की पत्रिका ‘पयोनियरिंग ग्रीन एक्सीलेंस’ में भी विद्यालय के कार्यों को सचित्र प्रकाशित किया गया है. विद्यालय के संस्थापक निदेशक डॉ शंभूशरण सिंह ने वर्ष 2001 में दाउदनगर से इस अभियान की शुरुआत की थी. विद्यालय के बच्चों ने औरंगाबाद के दक्षिणी क्षेत्र, कोबरा कैंप, पहाड़ी इलाकों तथा विभिन्न सरकारी व गैर-सरकारी संस्थानों तक इस अभियान के माध्यम से पर्यावरण जागरूकता फैलाई है. इसमें लोगों का भरपूर सहयोग और सराहना मिली है. विद्यालय की टीम समय-समय पर जिलाधिकारी और जिला वन्य पदाधिकारी के आमंत्रण पर आयोजित पर्यावरण कार्यक्रमों में भाग लेकर पुरस्कार भी प्राप्त करती रही है. विद्यालय के चेयरमैन मनीष वत्स ने विवेकानंद ब्रिगेड को धन्यवाद देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है, ताकि आने वाली पीढ़ी को बेहतर भविष्य दिया जा सके. इस अवसर पर उपप्राचार्य सूची कुमारी, शिक्षक कुमारी सुमन, अखिलेश शर्मा, डीएन पाठक, अविनाश कुमार सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










