दाउदनगर-नासरीगंज हाईवे की बंद स्ट्रीट लाइटों पर भाजपा नेता ने मांगी कार्रवाई रिपोर्ट, उठाए सवाल

झुका हुआ पोल | Prabhat Khabar Network
दाउदनगर-नासरीगंज हाईवे पर लंबे समय से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों और खतरनाक झुके बिजली पोलों के मामले में भाजपा नेता शंभू कुमार ने सूचना के अधिकार के तहत कार्रवाई का ब्योरा मांगा है. उन्होंने विभाग से अपने पूर्व शिकायत पर हुई कार्यवाही के अभिलेख उपलब्ध कराने की मांग की है.
Aurangabad News : दाउदनगर-नासरीगंज हाईवे और सोन पुल पर लंबे समय से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों के मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी के पूर्व नगर अध्यक्ष शंभू कुमार ने सूचना के अधिकार (आरटीआई) अधिनियम के तहत सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, बिहार सरकार से कार्रवाई का ब्योरा मांगा है. उन्होंने ई-मेल के माध्यम से आवेदन भेजकर अपने पूर्व शिकायत पत्र पर अब तक हुई कार्रवाई और उससे संबंधित सभी अभिलेखों की छायाप्रति उपलब्ध कराने की मांग की है.
अक्टूबर 2025 में भेजी थी शिकायत
शंभू कुमार ने बताया कि उन्होंने 9 अक्टूबर 2025 को ई-मेल के माध्यम से विभाग का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित कराया था. शिकायत में कहा गया था कि दाउदनगर-नासरीगंज हाईवे पर शहीद प्रमोद सिंह चौक से लेकर सोन पुल तक सुरक्षा और सुविधा के लिए लगाए गए सैकड़ों स्ट्रीट लाइटों में अधिकांश लंबे समय से बंद पड़े हैं. इससे रात के समय पूरा मार्ग अंधेरे में डूब जाता है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है.
झुका हुआ बिजली पोल भी बना खतरा
आरटीआई आवेदन में उन्होंने यह भी उल्लेख किया है कि हाईवे पर लगा एक स्ट्रीट लाइट पोल करीब 70 डिग्री के कोण पर झुक गया है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. इस मार्ग से दिन-रात भारी वाहनों का आवागमन होता है, जबकि शाम के बाद पैदल और साइकिल से चलने वाले लोगों को अंधेरे के कारण काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.
कार्रवाई से जुड़े सभी दस्तावेज मांगे
शंभू कुमार ने आरटीआई के माध्यम से विभाग से पूछा है कि उनके पूर्व आवेदन पर क्या कार्रवाई की गई, संबंधित अधिकारियों को क्या निर्देश दिए गए तथा इस मामले में हुए पत्राचार और कार्रवाई से जुड़े सभी अभिलेखों की प्रमाणित छायाप्रति उपलब्ध कराई जाए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










