पुलिस दीदी अभियान के तहत छात्राओं को किया जागरूक, साइबर सुरक्षा और आत्मरक्षा की दी जानकारी

Updated:
विज्ञापन
छात्राओं को जागरूक करतीं सब इंस्पेक्टर नेहा कुमारी | Prabhat Khabar Network

छात्राओं को जागरूक करतीं सब इंस्पेक्टर नेहा कुमारी | Prabhat Khabar Network

दाउदनगर में 'पुलिस दीदी (अभया ब्रिगेड)' अभियान के तहत छात्राओं के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और आत्मरक्षा के महत्व पर जोर दिया गया.

विज्ञापन

Aurangabad News : दाउदनगर में बिहार पुलिस के "पुलिस दीदी (अभया ब्रिगेड)" अभियान के तहत दाउदनगर थाना की ओर से मौलाबाग स्थित बालिका इंटर विद्यालय में छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व दाउदनगर थाना की एसआई नेहा कुमारी ने किया. उनके साथ महिला सिपाही अन्नू कुमारी भी मौजूद रहीं. कार्यक्रम में छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, आत्मरक्षा तथा कानूनी अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी गई.

साइबर अपराध से बचाव के बताए उपाय

एसआई नेहा कुमारी ने छात्राओं को साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के प्रति सचेत करते हुए कहा कि इंटरनेट और सोशल मीडिया का उपयोग पूरी सावधानी के साथ करें. किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ मोबाइल नंबर, ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम पिन या पासवर्ड साझा नहीं करें. उन्होंने संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने तथा फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी, साइबर बुलिंग और ब्लैकमेलिंग जैसी घटनाओं की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की सलाह दी.

महिला सुरक्षा और कानूनी अधिकारों की दी जानकारी

कार्यक्रम में छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों और आत्मरक्षा के महत्व की जानकारी दी गई. इस दौरान छात्राओं ने साइबर सुरक्षा और महिला अधिकारों से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका एसआई नेहा कुमारी ने विस्तार से उत्तर दिया. उन्होंने बताया कि "पुलिस दीदी (अभया ब्रिगेड)" अभियान के साथ "ऑपरेशन विधि पालक" भी चलाया जा रहा है. इसके तहत स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थलों के आसपास मनचलों एवं असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

पुलिस टीम ने छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपात सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन 1930, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा जिला हेल्पलाइन 9031827299 की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर इन नंबरों पर संपर्क करने की सलाह दी. एसआई नेहा कुमारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य छात्राओं को जागरूक, आत्मविश्वासी और सुरक्षित बनाना है. उन्होंने अपील की कि किसी भी अपराध या परेशानी की स्थिति में छात्राएं बिना डर और संकोच के पुलिस से संपर्क करें. बिहार पुलिस महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.


विज्ञापन
Om Prakash

लेखक के बारे में

By Om Prakash

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन