चेहल्लुम को लेकर औरंगाबाद प्रशासन अलर्ट, बिना अनुमति जुलूस और डीजे पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

Updated:
विज्ञापन
बैठक करते डीएम - एसपी  | Prabhat Khabar Network

बैठक करते डीएम - एसपी | Prabhat Khabar Network

औरंगाबाद में 4 अगस्त को होने वाले चेहल्लुम पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है. जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने बिना अनुमति जुलूस और डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए हैं. संवेदनशील इलाकों में ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी रखी जाएगी.

विज्ञापन

Aurangabad News : औरंगाबाद में चेहल्लुम पर्व-2026 के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों की ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई. बैठक में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने को लेकर विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

4 अगस्त को निकलेगा ताजिया जुलूस

सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह ने बताया कि इस वर्ष चेहल्लुम पर्व 4 अगस्त को मनाया जाएगा. जिले के विभिन्न क्षेत्रों से ताजिया जुलूस निकाले जाएंगे. उन्होंने जुलूस मार्गों, कर्बला, पहलाम स्थलों, धार्मिक स्थलों और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी छोटी घटना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

बिना अनुमति जुलूस और डीजे पर रोक

जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने कहा कि बिना सक्षम प्राधिकार की अनुमति के कोई भी जुलूस नहीं निकलेगा. सभी जुलूस पूर्व स्वीकृत मार्ग से ही संचालित होंगे और किसी भी परिस्थिति में रूट परिवर्तन की अनुमति नहीं होगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलूस में डीजे का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. अवैध हथियार, उत्तेजक नारे, अशोभनीय प्रदर्शन और पटाखों के इस्तेमाल पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को जुलूस मार्गों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखने तथा प्रमुख जुलूसों की वीडियोग्राफी कराने के भी निर्देश दिए गए. सभी चिन्हित स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है.

शांति समिति की बैठक और निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश

बैठक में सभी थानाध्यक्षों को आवश्यकता के अनुसार अधिक से अधिक लोगों से बॉन्ड भराने तथा जुलूस मार्ग का भौतिक सत्यापन करने के बाद ही अनुज्ञप्ति जारी करने का निर्देश दिया गया. सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को शांति समिति की बैठक आयोजित कर स्थानीय स्तर पर समन्वय मजबूत करने को कहा गया. जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि धर्म, जाति, भाषा या किसी अन्य आधार पर सामाजिक वैमनस्य फैलाने अथवा साम्प्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी. बैठक में जिले के वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, सभी थानाध्यक्ष तथा विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे.


विज्ञापन
Sudhir Kumar Singh

लेखक के बारे में

By Sudhir Kumar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन