औरंगाबाद में स्टॉप डायरिया अभियान, 400 बच्चों को बांटे गए ORS सैशे, स्वच्छता का भी दिया गया संदेश

बच्चों के साथ प्राचार्य व अन्य
औरंगाबाद के पीएम श्री अनुग्रह मध्य विद्यालय में स्टॉप डायरिया अभियान चलाया गया, जिसमें 400 बच्चों को ORS सैशे वितरित किए गए. इस दौरान डायरिया से बचाव और स्वच्छता के महत्व पर जोर दिया गया.
औरंगाबाद शहर स्थित पीएम श्री अनुग्रह मध्य विद्यालय में सोमवार को स्टॉप डायरिया अभियान के तहत विद्यार्थियों के बीच ORS सैशे का वितरण किया गया. विद्यालय के प्राचार्य उदय कुमार सिंह ने करीब 400 बच्चों को ORS उपलब्ध कराया. इस दौरान बरसात के मौसम में डायरिया से बचाव और स्वच्छता के प्रति भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया.
सिविल सर्जन की ओर से उपलब्ध कराए गए 400 ORS सैशे
प्राचार्य उदय कुमार सिंह ने बताया कि नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी के अनुरोध पर सिविल सर्जन, औरंगाबाद द्वारा विद्यालय के लिए 400 ORS सैशे उपलब्ध कराए गए थे. उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में दूषित पानी और संक्रमित भोजन के सेवन से डायरिया का खतरा बढ़ जाता है. ऐसे में समय पर ORS का सेवन शरीर में पानी और लवण की कमी को पूरा करने में मदद करता है.
स्वच्छता और सुरक्षित पेयजल अपनाने की दी गई सलाह
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता साथी प्रीति सिंह, विमल कुमार और राज किशोर प्रसाद ने बच्चों को स्वच्छ भोजन, सुरक्षित पेयजल और व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने की सलाह दी. उन्होंने बताया कि डायरिया होने पर ORS का सही तरीके से उपयोग करना बेहद जरूरी है. साथ ही बच्चों से अपने आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की अपील की गई.
बीमारी से बचाव को लेकर किया गया जागरूक
इस अवसर पर शिक्षिका शारदा सिंह, शिक्षक योगेंद्र कुमार पाल, रीता कुमारी सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे. कार्यक्रम का उद्देश्य स्टॉप डायरिया अभियान के तहत बच्चों को बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक करना और ORS के सही उपयोग की जानकारी देना था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










