मदनपुर में सनकी बेटे ने पिता की गला दबाकर की हत्या, आरोपित पुत्र गिरफ्तार
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 17 Apr 2024 10:36 PM
गुस्से में आकर बेटे ने पिता की गला दबा दी
औरंगाबाद. मदनपुर थाना क्षेत्र के रानीगंज गांव में सनकी बेटे ने मामूली विवाद में 60 वर्षीय पिता की गला दबाकर हत्या कर दी. घटना मंगलवार की रात की है. मृतक की पहचान 60 वर्षीय महेंद्र प्रसाद केसरी के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही मदनपुर थाने की पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने पर बुधवार को शव परिजनों को सौंप दिया. मृतक के बड़े पुत्र संतोष कुमार केसरी ने बताया कि 15 दिन पहले बिजली बिल बकाया होने के कारण विभाग द्वारा कनेक्शन काट दिया गया था. इसी को लेकर छोटा भाई संदीप कुमार केसरी और पिता के साथ अक्सर विवाद हो रहा था. मंगलवार की रात उसने पिता से कनेक्शन जुड़वाने की बात कही. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर बेटे ने पिता की गला दबा दी. गला दबने की वजह से पिता वहीं गिर पड़े और उनकी मौत हो गयी. हालांकि कुछ लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ महेंद्र केसरी को अस्पताल ले गयी. अस्पताल में रहे डॉक्टरों ने नब्ज टटोलत ही मृत घोषित कर दिया. इधर, थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी चिंता देवी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित पुत्र संदीप कुमार केसरी को गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया गया है. घटना के बाद पत्नी चिंता देवी व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में मातम पसरा है. मृतक अपने पुत्र के साथ गांव में ही गुमटी चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था. वैसे सनकी बेटे की करतूत की चर्चा पूरे दिन होती रही. मामूली सी बात को लेकर हुई घटना से गांव वाले भी सदमे में नजर आये.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










