ऑपरेशन विधि पालक के तहत स्कूली बच्चों को किया जागरूक, साइबर अपराध से बचाव के बताए उपाय
बच्चों को जागरुक करते पुलिस पदाधिकारी
Aurangabad News : बिहार पुलिस के ऑपरेशन विधि पालक के तहत स्कूली बच्चों को साइबर अपराध, मानव तस्करी और सुरक्षा कानूनों के प्रति जागरूक किया गया. पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें.
Aurangabad News : बिहार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन विधि पालक’ अभियान के तहत जिले में युवाओं और स्कूली बच्चों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जा रहा है. इसी क्रम में नगर, ओबरा, गोह, अंबा, बारुण, पौथू, कासमा, नारारी कला खुर्द, मदनपुर एवं बड़ेम थाना की महिला पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों ने विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण कानूनी जानकारियां दीं. इस दौरान बच्चों को अपराध से बचाव, कानून के प्रति जागरूकता और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया.
साइबर अपराध से बचने के बताए उपाय
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने बच्चों को साइबर अपराध के प्रति सजग रहने की सलाह दी. उन्हें बताया गया कि अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें और किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी या निजी दस्तावेज साझा नहीं करें. सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई. पुलिस ने बच्चों को साइबर ठगी के संभावित तरीकों की जानकारी देते हुए सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया.
Also Read : PHOTOS: 250 किमी दूर से सिपाही के पीछे पहुंची प्रेमिका, फिर जो हुआ तस्वीरों में देखिए..
मानव तस्करी और बाल श्रम के खिलाफ किया जागरूक
पुलिस पदाधिकारियों ने बच्चों को मानव तस्करी और बाल श्रम जैसी गंभीर सामाजिक समस्याओं के प्रति भी जागरूक किया. बच्चों को बताया गया कि किसी अजनबी के बहकावे में आकर घर छोड़ना या नौकरी और बेहतर भविष्य का लालच देकर कहीं ले जाने वाले लोगों पर भरोसा करना खतरनाक हो सकता है. साथ ही बाल श्रम के खिलाफ बनाए गए कानूनों और बच्चों के अधिकारों की जानकारी भी दी गई.
महिला और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनों की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनों एवं उनके अधिकारों के बारे में विस्तार से बताया गया. पुलिस पदाधिकारियों ने बच्चों से अपील की कि किसी भी प्रकार की परेशानी, शोषण, उत्पीड़न या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल अपने अभिभावक, शिक्षक अथवा पुलिस को दें. पुलिस ने कहा कि जागरूकता के माध्यम से बच्चों को अपराध और शोषण से सुरक्षित रखने के साथ ही उनमें कानून के प्रति समझ विकसित करना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है.
जागरूकता से अपराध पर नियंत्रण का प्रयास
‘ऑपरेशन विधि पालक’ के तहत विद्यालयों में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को न केवल उनके अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी दी जा रही है, बल्कि उन्हें साइबर अपराध, बाल श्रम, मानव तस्करी और अन्य अपराधों से बचाव के प्रति भी सजग किया जा रहा है. पुलिस की ओर से बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और किसी भी तरह की समस्या होने पर बिना झिझक मदद लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया.
Also Read : PHOTOS: 250 किमी दूर से सिपाही के पीछे पहुंची प्रेमिका, फिर जो हुआ तस्वीरों में देखिए..
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Sujit Kumar
पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता कर रहे हैं. क्राइम की खबरों में गहरी समझ है. वर्ष 2014 से प्रभात खबर औरंगाबाद में ब्यूरो चीफ की जिम्मेवारी संभाल रहे है. सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज औरंगाबाद से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










