औरंगाबाद में भरभराकर गिरी पुराने मंडल कारा की जर्जर दीवार, मलबे में दबा दिव्यांग

Updated:
विज्ञापन
मलबे में दबा ट्रॉयसाईकिल व जायजा लेती पुलिस | Prabhat Khabar Network

मलबे में दबा ट्रॉयसाईकिल व जायजा लेती पुलिस | Prabhat Khabar Network

औरंगाबाद शहर में पुरानी मंडल कारा की जर्जर दीवार ढह गई, जिसमें एक दिव्यांग गंभीर रूप से घायल हो गया. यह हादसा प्रशासन की घोर लापरवाही का नतीजा है, जिसकी चेतावनी 'प्रभात खबर' ने पहले ही दी थी.

विज्ञापन

Aurangabad News: औरंगाबाद शहर स्थित पुराने मंडल कारा की जर्जर दीवार सोमवार की शाम अचानक भरभराकर गिर गई. प्रशासन की अनदेखी के कारण हुए इस हादसे में वहां से गुजर रहा एक दिव्यांग व्यक्ति मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी ट्राइसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. घटना में एक अन्य व्यक्ति को भी हल्की चोटें आई हैं. दोनों घायलों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया.

स्थानीय लोगों और 112 की टीम ने निकाला बाहर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम के समय अचानक तेज आवाज के साथ दीवार ढह गई. धमाके जैसी आवाज सुनते ही आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए मलबे में दबे दिव्यांग को बाहर निकाला.

सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल सदर अस्पताल भिजवाया. हादसे की खबर मिलते ही नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.

'प्रभात खबर' ने 4 दिन पहले ही किया था आगाह

इस हादसे की सबसे गंभीर बात यह है कि इसकी आशंका पहले से ही जताई जा रही थी. 'प्रभात खबर' ने चार दिन पूर्व ही प्रमुखता से खबर प्रकाशित कर जिला प्रशासन और संबंधित विभाग को आगाह किया था कि जर्जर दीवार कभी भी गिर सकती है. इसके बावजूद अधिकारियों ने न तो सुरक्षा के कोई इंतजाम किए और न ही जर्जर ढांचे को हटाने की पहल की.

सोमवार को हुए इस हादसे ने प्रशासनिक लापरवाही की पूरी पोल खोलकर रख दी है. स्थानीय लोगों में जिम्मेदार अधिकारियों के प्रति गहरा आक्रोश व्याप्त है. लोगों का कहना है कि व्यस्त सड़क होने के कारण यदि हादसे के वक्त वहां अधिक आवाजाही होती, तो बड़ी जनहानि हो सकती थी.


विज्ञापन
Sudhir Kumar Singh

लेखक के बारे में

By Sudhir Kumar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन