औरंगाबाद के हसपुरा में जर्जर सड़क को लेकर युवाओं का आंदोलन, व्हाट्सप्प ग्रुप बनाकर शुरू किया रोड बनाओ अभियान

Updated:
विज्ञापन

सड़क पर जलज़माव

औरंगाबाद के हसपुरा में वर्षों से जर्जर पड़ी सड़क को लेकर युवाओं ने 'रोड बनाओ अभियान' के तहत आंदोलन तेज करने की तैयारी की है. गड्ढों, जलजमाव और कीचड़ से परेशान लोग जनप्रतिनिधियों के रवैये से नाराज हैं. अब निर्णायक संघर्ष की रणनीति बन रही है, जिसमें जमीन पर सड़क निर्माण की मांग पर जोर दिया जाएगा.

विज्ञापन

Aurangabad Youth Protest : औरंगाबाद के हसपुरा बाजार में वर्षों से जर्जर पड़ी सड़क को लेकर अब युवाओं ने आंदोलन तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है. सिनेमा रोड से पुरानी थाना होते हुए बाजार तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर युवाओं ने ‘रोड बनाओ अभियान’ नाम से एक WhatsApp ग्रुप बनाया है. इस ग्रुप में सैकड़ों युवाओं को जोड़ा गया है. इसके जरिए लोगों को सड़क की समस्या के लिए एकजुट करने के साथ आगे के आंदोलन की रणनीति तैयार की जा रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

गड्ढे, जलजमाव और कीचड़ से लोगों की बढ़ी परेशानी

युवाओं का कहना है कि सिनेमा हॉल से बरेलीचक मोड़ के पास पुलिया, सिनेमा हॉल होते हुए पुरानी थाना से बाजार तक जाने वाली सड़क लंबे समय से बदहाल है. सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं और बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या और गंभीर हो जाती है. कीचड़ और गंदे पानी के बीच लोगों को आवागमन करना पड़ता है. जलजमाव के कारण आसपास दुर्गंध भी फैलती है, जिससे स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ जाती है.


हसपुरा के पुरानी थाना रोड पर जलज़माव
हसपुरा के पुरानी थाना रोड पर जलज़माव

जनप्रतिनिधियों के रवैये से युवाओं में नाराजगी

सड़क की स्थिति को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों के रवैये से युवाओं में नाराजगी है. युवाओं का कहना है कि हसपुरा से कई विधायक विधानसभा पहुंचे और कई सांसद भी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, लेकिन इस महत्वपूर्ण सड़क की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका. उनका आरोप है कि चुनाव के दौरान विकास को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद सड़क की समस्या पर गंभीर पहल नहीं होती.

बाजार, थाना और अस्पताल जाने का प्रमुख रास्ता

स्थानीय लोगों के अनुसार यह सड़क केवल किसी एक मोहल्ले या गांव के लोगों के आवागमन का रास्ता नहीं है. यह हसपुरा बाजार से जुड़ा महत्वपूर्ण मार्ग है, जिससे रोज बड़ी संख्या में लोग बाजार, थाना, अस्पताल और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचते हैं. इसके बावजूद सड़क की बदहाली दूर नहीं होने से लोगों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है.

पहले भी हुए प्रदर्शन, अब निर्णायक आंदोलन की तैयारी

सड़क निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय लोग पहले भी कई बार प्रदर्शन और आंदोलन कर चुके हैं. अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने भी सड़क निर्माण की मांग रखी गई, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है. युवाओं का कहना है कि वर्षों से आश्वासन मिलने के बावजूद सड़क की स्थिति जस की तस बनी हुई है.

अब ‘रोड बनाओ अभियान’ के जरिए युवाओं और स्थानीय लोगों को एकजुट किया जा रहा है. आने वाले दिनों में प्रदर्शन और आंदोलन को और तेज करने की रणनीति तैयार की जा रही है. युवाओं ने साफ कहा है कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, सड़क निर्माण का काम जमीन पर शुरू होना चाहिए. उनका कहना है कि यदि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने समस्या को गंभीरता से नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा.


विज्ञापन
मणिकांत पांडेय

लेखक के बारे में

By मणिकांत पांडेय

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन