औरंगाबाद: देवघर गए थे शिक्षक दंपती, पीछे से चोरों ने घर खंगाला, 20 लाख की संपत्ति चोरी
घर में बिखरा पड़ा सामान
दाउदनगर में चोरों ने एक शिक्षक के बंद घर को निशाना बनाया, लाखों रुपये की संपत्ति चोरी कर ली. शिक्षक परिवार देवघर में होने के कारण घटना का पता देर से चला. इलाके में दहशत का माहौल है.
Aurangabad Theft: दाउदनगर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. चोर खासकर बंद घरों को निशाना बना रहे हैं. ताजा मामला दाउदनगर थाना क्षेत्र के दाउदनगर-गोह-गयाजी रोड स्थित यदुवंशी नगर का है, जहां बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये की संपत्ति चोरी कर ली. घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है.
यदुवंशी नगर निवासी शिक्षक अमरजीत कुमार सिंह अपनी पत्नी के साथ बाबा धाम यानी देवघर गये हुए थे. इसी दौरान चोरों ने उनके बंद मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और गोदरेज, दीवान, पलंग, बक्सा सहित अन्य सामानों को तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. गृहस्वामी के अनुसार, चोरी गयी संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है.
पड़ोसियों ने फोन कर दी चोरी की सूचना
चोरी की घटना का पता तब चला, जब पड़ोसियों ने शिक्षक के घर का ताला टूटा हुआ देखा. घर का मोटर भी चालू था. संदेह होने पर पड़ोसियों ने मोबाइल फोन के माध्यम से शिक्षक को घटना की सूचना दी.
सूचना मिलने के बाद शिक्षक दाउदनगर लौटे तो घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था. जांच करने पर जेवरात सहित कई अन्य सामान गायब मिले. शिक्षक की पत्नी के अनुसार, चोर मंगलसूत्र, सिकड़ी, अंगूठी सहित अन्य सोने-चांदी के जेवरात और करीब पांच हजार रुपये नकद ले गये हैं.
2022 से यदुवंशी नगर में रह रहा शिक्षक परिवार
जानकारी के अनुसार, शिक्षक अमरजीत कुमार सिंह मूल रूप से गोह प्रखंड के दोवाल गांव के रहने वाले हैं. वे गोह के मध्य विद्यालय नगाइन में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं. उन्होंने वर्ष 2022 में दाउदनगर के यदुवंशी नगर में अपना मकान बनवाया था. इसके बाद से वे परिवार के साथ यहीं रह रहे हैं.
पुलिस ने घटनास्थल का लिया जायजा
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम और दाउदनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घर के अंदर और आसपास जांच-पड़ताल की. संवाद भेजे जाने तक गृहस्वामी की ओर से दाउदनगर थाना में लिखित शिकायत नहीं दी गयी थी.
दाउदनगर थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि चोरी की घटना की जांच-पड़ताल की जा रही है. घटना का जल्द से जल्द उद्भेदन करने और इसमें शामिल चोरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है.
लगातार चोरी की घटनाओं से बढ़ी चिंता
शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से आम लोगों की चिंता बढ़ गयी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बंद घरों को निशाना बनाने वाले चोरों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए. लोगों ने पुलिस से चोरी की घटनाओं का जल्द उद्भेदन कर आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










