ePaper

पुल के नीच से मिला दो दिनों से लापता विवाहिता का शव, हत्या की आशंका

Updated at : 14 Aug 2025 4:25 PM (IST)
विज्ञापन
पुल के नीच से मिला दो दिनों से लापता विवाहिता का शव, हत्या की आशंका

12 अगस्त को आरएलएसवाई कॉलेज में एमए की परीक्षा देकर लौट रही थी घर, शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने थाने से सूचना देकर शुरू की खोजबीन

विज्ञापन

12 अगस्त को आरएलएसवाई कॉलेज में एमए की परीक्षा देकर लौट रही थी घर

शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने थाने से सूचना देकर शुरू की खोजबीन

औरंगाबाद/ओबरा. बारुण प्रखंड अंतर्गत जम्होर थाना क्षेत्र के परसिया गांव के बधार में स्थित पुल के नीचे से 26 वर्षीय महिला का शव बरामद किया गया है. मृतका की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खखडा टोले तेलिया डीह गांव निवासी टुनटुन पासवान की पत्नी गौरी कुमारी के रूप में हुई है. वैसे मृतका का मायका जम्होर थाना क्षेत्र के परसिया गांव में था. मायके से आधे किलोमीटर दूर बधार में स्थित धान की खेत में पुल से शव बरामद किया गया. गुरुवार की दोपहर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान मृतका के पिता बजरंगी पासवान ने बताया कि गौरी कुछ दिनों से मायके में ही रह रही थी. वह एमए की छात्रा थी. सत्र 2023-25 के तृतीय सेमेस्टर का परीक्षा चल रहा था. प्रतिदिन वह अपने मायके परासिया से ही औरंगाबाद शहर के शाहपुर मुहल्ला स्थित राम लखन सिंह यादव कॉलेज में एमए की परीक्षा देने जाती थी. 12 अगस्त यानी मंगलवार को वह अपनी मायके से ही बस पकड़कर परीक्षा देने औरंगाबाद गयी थी. शाम में लौटते समय ओबरा थाना क्षेत्र के कारा मोड़ के समीप उससे फोन पर बात हुई थी. उसने बताया था कि वह 15 से 20 मिनट में घर पहुंच जायेगी. काफी इंतजार करने के बाद भी वह घर नहीं पहुंची, तो वे उसे खोजते हुए पैदल निकल पड़े, लेकिन कहीं भी गौरी दिखायी नहीं दी. इसके बाद परिजनों के चिंता सताने लगी. अंतत: घटना की सूचना जम्होर थाने की पुलिस को भी दी गयी. परिजन व जम्होर थाने की पुलिस गौरी की खोजबीन में जुट गये. काफी खोजबीन के बाद भी पता नहीं चल सका.

गांव से आधे किलोमीटर दूर बधार की तरफ किसानों ने देखा शव

इधर, जानकारी मिली कि गुरुवार की सुबह गांव से आधे किलोमीटर दूर बधार की तरफ किसान धान की सोहनी कर रहे थे, तो उन्हें पास के पुल में गौरी का शव दिखायी दिया. शव देखते ही किसानों ने शोरगुल मचाया. शोरगुल सुनकर लोगों की भीड़ जुट गयी. शव की पहचान कर घटना की सूचना परिजनों को दी गयी. सूचना पर बदहवास परिजन पहुंचे और शव से लिपटकर चीत्कार उठे. स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना जम्होर थाने की पुलिस को दी गयी. सूचना पर जम्होर थाने की पुलिस पहुंची और मामले की तहकीकात में जुट गयी. सदर एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय ने भी पहुंचकर आम लोगों से पूछताछ की. घटना से संबंधित परिजनों से भी जानकारी ली. अंतत: पुलिस ने औरंगाबाद में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया.

दोनों आंख फोड़े हुए थे, पूरे शरीर पर चोट के निशान देखे गये

मृतका गौरी के पिता बजरंगी पासवान ने कहा कि वर्ष 2021 के मई महीने में गौरी की शादी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खखड़ा टोले तेलिया डीह गांव निवासी टुनटुन पासवान से हुई थी. उसका किसी से कोई विवाद नहीं था. पति टुनटुन पासवान गांव में रहकर मजदूरी करता है. मायके और ससुराल वाले दोनों उसे पढ़ाना चाहते थे. घर की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बाद भी वह एमए की पढ़ाई कर रही थी. वैसे परिजनों ने हत्या की आशंका जतायी है. परिजनों ने कहा कि जब गौरी का शव देखा तो उसके दोनों आंख फोड़ हुए थे. पूरे शरीर पर चोट के निशान देखे गये. वैसे घटना के पीछे का कारण क्या है यह स्पष्ट नहीं है. घटना को लेकर परिजनों ने भी पूरी जानकारी देने से इन्कार किया है.

एफएसएल की टीम कर रही जांच पड़ताल

जम्होर थानाध्यक्ष राज किशोर प्रसाद ने बताया कि परसिया गांव स्थित बधार पुल के नीचे से एक महिला का शव बरामद किया गया है. प्रथम दृष्टया हत्या प्रतीत होती है. साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल की टीम जांच पड़ताल कर रही है. फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराकर दाह संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है. मामले में परिजनों द्वारा आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.

सख्ती से हो कार्रवाई

घटना की सूचना पर पहुंचे लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष चंद्रभूषण सिंह सोनू ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात की. काफी देर तक घटनास्थल के समीप रहकर ग्रामीणों से बातचीत की. कहा कि शव को देखने से हत्या प्रतीत हो रहा है. उन्होंने औरंगाबाद पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SUJIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUJIT KUMAR

SUJIT KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन