लव मैरिज का दर्दनाक अंत!, औरंगाबाद में पति ने लोहे की रॉड से ले ली पत्नी की जान

Published by : Suryakant Kumar Updated At : 10 Jun 2026 4:24 PM

विज्ञापन

जांच करती पुलिस

Aurangabad News : औरंगाबाद के कुटुंबा थाना क्षेत्र के दधपा गांव में आपसी विवाद के बाद पति ने लोहे की रॉड से पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल रॉड बरामद कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

विज्ञापन

औरंगाबाद से अम्बुज पांडेय की रिपोर्ट :
Aurangabad News :
औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र के दधपा गांव में पति-पत्नी के बीच आपसी कहासुनी के दौरान सनकी पति ने लोहे की रॉड से पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला. मृतका की पहचान दधपा गांव निवासी सनोज मेहता की 25 वर्षीय पत्नी चंचली देवी के रूप में हुई है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जन वितरण प्रणाली की दुकान से राशन लाने को लेकर बुधवार सुबह पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे दर्दनाक रूप ले लिया. बताया जाता है कि आपसी कहासुनी के दौरान पति ने लोहे की रॉड से पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे चंचली के सिर पर तीन इंच गहरा और दो इंच लंबा घाव हो गया.

बीच-बचाव के लिए कोई भी नहीं पहुंचा

मिली जानकारी के अनुसार, सनोज की पत्नी चंचली देवी पति पर दबाव बना रही थी. वैसे भी सनोज और उसकी पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था. घटना के दिन भी तू-तू, मैं-मैं के साथ उसी तरह विवाद शुरू हुआ, लेकिन बीच-बचाव के लिए कोई घर के अंदर नहीं पहुंचा. हालांकि उसी मकान में उसका बड़ा भाई और पिता अवधेश मेहता अलग-अलग रहते हैं. सभी का कारोबार भी अलग-अलग है. इधर, घटना के दौरान किसी ने नहीं सोचा था कि मामला इतना गंभीर हो जाएगा.

पत्नी के सिर से ज्यादा खून निकलता देख सनोज उसे अस्पताल ले जाने के बजाय किसी को कुछ बताए बिना घर छोड़कर फरार हो गया. सनोज की मां के मुताबिक, छोटी बहू के कमरे से जब खून बाहर निकला तब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो चंचली लहूलुहान हालत में बेसुध पड़ी थी. आसपास के लोगों ने बिना देर किए उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद आरोपी पति का कोई अता-पता नहीं है.

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही कुटुंबा थानाध्यक्ष मो. इमरान अली तथा महिला दारोगा अंजली कुमारी और कुमारी श्वेता वर्मा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए. पुलिस ने घटनास्थल से एक लोहे की रॉड बरामद की है, जिस पर खून के निशान पाए गए हैं. मृतका का चेहरा भी खून से लथपथ मिला. पुलिस ने गांव के लोगों से भी घटना के कारणों की जानकारी लेने का प्रयास किया. ग्रामीणों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच हमेशा झगड़ा होता रहता था. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया है. एसएचओ ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा. इधर, घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके से दर्जनों लोग पहुंच चुके हैं.

छह साल पहले हुई थी लव मैरिज

बताया जाता है कि मृतका चंचली देवी मूल रूप से बारुण थाना क्षेत्र के पोखराही गांव की रहने वाली थी. ग्रामीणों के अनुसार, सनोज मेहता और चंचली देवी की शादी करीब छह वर्ष पहले प्रेम प्रसंग के बाद हुई थी. दोनों की एक छोटी बच्ची भी है. बताया जाता है कि सनोज मेहता पेशे से हाइवा चालक है और पिछले कुछ दिनों से घर पर ही रह रहा था. इस घटना की हर जगह निंदा हो रही है.

एसएचओ ने क्या बताया ?

एसएचओ मो. इमरान अली ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति द्वारा लोहे की रॉड से सिर पर वार किए जाने की बात सामने आई है, जिससे महिला की मौत हुई है. हत्या में प्रयुक्त रॉड बरामद कर ली गई है. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है तथा मामले के सभी पहलुओं से जांच की जा रही है.

Also Read: गयाजी में 15 जून को 1000 युवाओं को नौकरी का मौका, जानें पूरी डिटेल

विज्ञापन
Suryakant Kumar

लेखक के बारे में

By Suryakant Kumar

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन