औरंगाबाद में अवैध खाद भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, दाउदनगर में दो गोदाम सील

सील किए गए गोदाम के बाहर मौजूद कृषि विभाग के अधिकारी
Aurangabad News : औरंगाबाद के दाउदनगर में अवैध खाद भंडारण और कालाबाजारी की आशंका पर कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक खाद विक्रेता के दो अनधिकृत गोदाम सील कर दिए. मामले की विस्तृत जांच जारी है.
दाउदनगर से ओम प्रकाश की रिपोर्ट :
Aurangabad News : खरीफ मौसम में उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है. इसी क्रम में दाउदनगर थाना क्षेत्र के एकौनी गांव स्थित एक खाद विक्रेता के दो अनधिकृत गोदामों को कृषि विभाग की टीम ने सील कर दिया. यह कार्रवाई अवैध खाद भंडारण और कालाबाजारी की शिकायत मिलने के बाद की गई.
बड़ी मात्रा में उर्वरकों का भंडारण
जानकारी के अनुसार, कृषि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि एकौनी स्थित गौतम खाद भंडार द्वारा लाइसेंस में दर्ज गोदाम के अलावा दो अन्य स्थानों पर बड़ी मात्रा में उर्वरकों का भंडारण किया गया है. आरोप है कि खाद की कृत्रिम कमी उत्पन्न कर कालाबाजारी करने के उद्देश्य से यह भंडारण किया गया था.
सूचना के आधार पर अनुमंडल कृषि पदाधिकारी रजनीकांत भारती के नेतृत्व में एक संयुक्त जांच दल ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. टीम में सीओ शैलेंद्र कुमार यादव, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अनिल कुमार, कृषि समन्वयक सह उर्वरक निरीक्षक राकेश रंजन कुमार, कृषि विभाग के एकाउंटेंट श्रीकांत कुमार सिंह और दाउदनगर थाना की पुलिस टीम शामिल रही.
जांच के दौरान दुकानदार चाबी लाने के बहाने हुआ फरार
जांच के दौरान सबसे पहले दुकान में उपलब्ध खाद के स्टॉक का मिलान पॉस मशीन के माध्यम से किया गया. इसके बाद लाइसेंस में दर्ज गोदाम का निरीक्षण किया गया. अधिकारियों ने दुकानदार से अन्य दो गोदामों की चाबी मांगी, लेकिन बताया जाता है कि वह चाबी लाने का बहाना बनाकर वहां से चला गया और फिर वापस नहीं लौटा. इसके बाद अधिकारियों ने दोनों गोदामों को सील कर दिया.
गैस कटर से खोले जाएंगे गोदाम, अनियमितता मिलने पर होगी FIR
अनुमंडल कृषि पदाधिकारी रजनीकांत भारती ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. सूत्रों के अनुसार एसडीओ ने गोदामों की जांच के लिए सीओ को दंडाधिकारी नियुक्त किया है. गोदामों में रखे उर्वरकों की वास्तविक मात्रा और प्रकार का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच कराई जाएगी.
शटर को गैस कटर से काटकर गोदामों में रखे खाद की जब्ती और गणना की जाएगी. जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध स्टॉक और अभिलेखों का मिलान किया जाएगा. इसके बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किस प्रकार की खाद और कितनी मात्रा में भंडारित है. यदि अनियमितता या अवैध भंडारण की पुष्टि होती है तो संबंधित खाद विक्रेता के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाएगी.
खाद कारोबारियों में हड़कंप
संवाद भेजे जाने तक गोदामों की जांच और प्रशासनिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी थी. वहीं, जिला कृषि पदाधिकारी के भी मौके पर पहुंचने की सूचना मिली है, जिससे मामले की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है. प्रशासन की इस कार्रवाई से खाद कारोबारियों में हड़कंप मच गया है.
Also Read: लव मैरिज का दर्दनाक अंत!, औरंगाबाद में पति ने लोहे की रॉड से ले ली पत्नी की जान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सूर्यकांत कुमार
सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों की स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










