ट्रांसफाॅर्मर के नीचे लगी हैं दुकानें, हादसे की आशंका

Published at :21 Sep 2016 7:04 AM (IST)
विज्ञापन
ट्रांसफाॅर्मर के नीचे लगी हैं दुकानें, हादसे की आशंका

शहर के पुराने जीटी रोड पर लगे ट्रांसफाॅर्मर में अक्सर होता है शॉर्ट सर्किट औरंगाबाद सदर : शहर के पुरानी जीटी रोड पर बाजार में लगे विद्युत ट्रांसफॉर्मर सुरक्षित स्थिति में नहीं है. अक्सर यहां खुले तार के कारण शॉर्ट सर्किट होते रहता है. शहर के पुराने जीटी रोड पर लगे अधिकतर ट्रांसफाॅर्मरों पर लोड […]

विज्ञापन

शहर के पुराने जीटी रोड पर लगे ट्रांसफाॅर्मर में अक्सर होता है शॉर्ट सर्किट

औरंगाबाद सदर : शहर के पुरानी जीटी रोड पर बाजार में लगे विद्युत ट्रांसफॉर्मर सुरक्षित स्थिति में नहीं है. अक्सर यहां खुले तार के कारण शॉर्ट सर्किट होते रहता है. शहर के पुराने जीटी रोड पर लगे अधिकतर ट्रांसफाॅर्मरों पर लोड जरूरत से अधिक है. खुले तार के कारण इन ट्रांसफॉर्मरों पर शॉर्ट सर्किट होते रहता है. जबकि, नियमों की अनदेखी कर अधिकतर इन ट्रांसफॉर्मरों के नीचे फुटपाथी दुकानदार अपना ठेला, खोमचा लगा कर दुकान चला रहे हैं.
शॉर्ट सर्किट की स्थिति में अक्सर बाजार में भगदड़ की स्थिति पैदा हो जाती है. यहां हादसे की आशंका हमेशा बनी रहती है. इसके बावजूद न तो बिजली कंपनी और न ही प्रशासन का ध्यान इस ओर जा रहा है. ट्रांसफॉर्मरों के नीचे दुकान लगाये जाने के कारण वहां अक्सर खरीदारी के लिये लोग जमा रहते हैं.
जब भी ट्रांसफाॅर्मर में शॉर्ट सर्किट होता है तो उससे तेज आग की लपटते उठती हैं और बड़ी-बड़ी चिनगारियां ट्रांसफाॅर्मर से गिरती हैं, तो अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो जाती है.पुरानी जीटी रोड पर देर रात तक लोगों का आवागमन जारी रहता है, इसके कारण शॉर्ट सर्किट की स्थिति में कभी भी एक बड़ी दुर्घटना घट सकती है. बिजली कंपनी द्वारा ऐसे स्थानों को अब तक चिह्नित नहीं किये जाने के कारण लोगों के लिये परेशानी का सबब बना हुआ है. ट्रांसफाॅर्मर के नीचे दुकान लगाने वाले लोगों में अंडा व्यवसायी, फास्ट फूड व्यवसायी, सब्जी विक्रेता का कहना है कि आज तक जिला प्रशासन ने उन्हें ऐसा करने से मना भी नहीं किया है.
शहर के धर्मशाला चौक के समीप लगा ट्रांसफार्मर.
जिन स्थानों पर ज्यादा है हादसे की आशंका
शहर के नगर थाना के समीप सब्जी मंडी में लगा ट्रांसफॉर्मर ,धर्मशाला चौक पर स्थित ट्रांसफाॅर्मर ,पोस्टऑफिस के समीप सब्जी मंडी में लगा ट्रांसफाॅर्मर, रमेश चौक पर लगा ट्रांसफाॅर्मर में अक्सर शॉर्ट सर्किट होते रहता है. ऐसा नंगे तार के कारण होता है. इन ट्रांसफॉर्मरों के समीप कनेक्शन का मकड़जाल भी बिछा है. कुछ ही दिन पूर्व नगर थाना के समीप ट्रांसफाॅर्मर में शॉर्ट सर्किट के दौरान विद्युत तार टूट जाने के कारण एक जानवर की जान भी चली गयी थी. लेकिन, इस घटना से न तो फुटपाथी दुकान चलाने वाले ही सुधरे और न ही बिजली कंपनी सतर्क हुई़
क्या कहते हैं पदाधिकारी
बिजली कंपनी के कार्यपालक अभियंता निखिलेश कुमार ने कहा कि अब तक ऐसी कोई सूचना नहीं मिली थी. अब हादसे की आशंका वाले स्थानों को चिह्नित किया जायेगा और दुकानदारों को यह आदेश भी दिया जायेगा कि वो ट्रांसफाॅर्मर के नीचे अपनी दुकान न लगायें. ऐसा करना दुकानदार और आम लोग दोनों के लिये खतरा है. साथ ही ज्यादा खतरे वाली जगहों पर खतरे के चिह्न वाला एक बोर्ड लगाया जायेगा. शहर में कवर तार लग जाने तक यह ऐसी समस्या होते रहेगी. बिजली कंपनी इसे दुरुस्त करने में लगी है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन