हजारीबाग में ट्रक-टेलर की भीषण भिड़ंत के बाद धूं-धूं कर जले दोनों वाहन, मची अफरा-तफरी
Published by : Sameer Oraon Updated At : 23 Apr 2026 4:28 PM
ट्रक में लगी आग का दृश्य
Hazaribagh Fire: हजारीबाग जिले के पदमा ओपी क्षेत्र में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो वाहन आग के गोले में तब्दील हो गए. इटखोरी मोड़ के पास एक ओवरलोड टेलर और ट्रक के बीच हुई जोरदार टक्कर के बाद भड़की आग ने दोनों गाड़ियों को चपेट में ले लिया. पढ़ें, कैसे एक लापरवाही ने हाईवे पर घंटों तक दहशत का माहौल बनाए रखा.
Hazaribagh Fire, हजारीबाग (संजय कुमार यादव): हजारीबाग जिले के पदमा ओपी क्षेत्र अंतर्गत इटखोरी मोड़ के पास बुधवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना सामने आई है. यहां एक ओवरलोड टेलर और ट्रक के बीच हुई सीधी भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई. इस हादसे में टेलर का इंजन वाला हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो गया, वहीं, ट्रक का भी एक बड़ा हिस्सा आग की चपेट में आ गया. गनीमत यह रही कि इस अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहनों पर लदा माल काफी हद तक नष्ट हो गया.
पुलिस की मुस्तैदी ने टाली बड़ी तबाही
घटना की सूचना मिलते ही पदमा ओपी प्रभारी और इचाक थाना की पुलिस सक्रिय हो गई. पुलिसकर्मियों की त्वरित कार्रवाई के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी समय रहते मौके पर पहुंच गई. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे ट्रक का आधा हिस्सा और उसमें लदी ‘माजा’ की कई पेटियां सुरक्षित बचा ली गईं. हालांकि, आग इतनी भीषण थी कि माजा की सैकड़ों पेटियां जलकर राख हो गई थीं.
Also Read: ‘कॉफी विद एसडीएम’: गढ़वा में अपनों को खोने वाले परिवारों के साथ प्रशासन ने साझा किया दुख
लापरवाही और ओवरलोडिंग बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना का मुख्य कारण ट्रक चालक की लापरवाही थी. इटखोरी की ओर से आ रहा ट्रक अचानक फोरलेन सड़क को क्रॉस करने लगा. इसी दौरान हजारीबाग की ओर से आ रही एक ओवरलोड टेलर के चालक ने सामने ट्रक को देख तेजी से इमरजेंसी ब्रेक लगाया. भारी लोड और घर्षण के कारण टेलर के टायरों में चिंगारी भड़की, जो बाद में भीषण आग में बदल गई. अनियंत्रित टेलर सीधे ट्रक से जा टकराई, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया.
बाल-बाल बचे चालक और खलासी
जैसे ही वाहनों में आग भड़की, दोनों गाड़ियों के चालक और खलासी समय रहते केबिन से बाहर कूदने में सफल रहे. जान बचने के बाद वे पुलिस के पहुंचने से पहले ही मौके से फरार हो गए. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने और यातायात बहाल करने के लिए क्रेन की मदद ली. फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर फरार चालकों की तलाश कर रही है.
Also Read: गुवा में स्थानीय बहाली को लेकर फिर गरमाया माहौल, 5 मई की वार्ता पर टिकी निगाहें
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










