Aurangabad News : जाम से निजात के लिए चिह्नित जगहों पर नो पार्किंग का लगा बोर्ड
Published by : AMIT KUMAR SINGH_PT Updated At : 22 Apr 2026 10:07 PM
Aurangabad News: 61.73% राजस्व वसूली, अवैध खनन पर 2,596 छापेमारी कार्रवाई
औरंगाबाद शहर. योजना भवन के सभा कक्ष में डीएम अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक अंबरीष राहुल की संयुक्त अध्यक्षता में परिवहन एवं खनन से जुड़े राजस्व संग्रह की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में संबंधित विभागों की प्रगति, राजस्व प्राप्ति तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई. परिवहन विभाग की समीक्षा के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि रमेश चौक, रामाबांध, ओवरब्रिज, नावाडीह मोड़, शिवगंज के आगे टर्निंग, मदनपुर बाजार, ओबरा बाजार, अंबा चौक, भखरूआ मोड़ एवं दाउदनगर क्षेत्र में अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है. इसके समाधान के लिए विभिन्न स्थानों पर “नो पार्किंग” के स्टील बोर्ड लगाये गये हैं. साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 में 15 ट्रॉली खरीदकर यातायात पुलिस को उपलब्ध कराई गई है. हेलमेट जांच अभियान के तहत 6,899 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 68 लाख 99 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया. वहीं ओवरलोडिंग रोकने के लिए एरका चेक पोस्ट, अंबा, बारूण, शंकरपुर, दाउदनगर एवं नासरीगंज पुल के पास नियमित जांच में 538 वाहनों पर कार्रवाई कर 3 करोड़ 74 लाख 16 हजार 62 रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया. डीएम ने ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस विभाग से समन्वय बढ़ाने का निर्देश दिया. जिले के चिह्नित दुर्घटना संभावित (ब्लैक स्पॉट) स्थलों में मुफस्सिल थाना क्षेत्र का चतरा मोड़, ओबरा का अतरौली, उब मोड़ व देवकली, बारूण का बरूआ पुल व सिंदुरिया तथा मदनपुर का पिपरडीह व बाजार क्षेत्र शामिल हैं, जहां विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिये गये. खनन विभाग की समीक्षा में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में मार्च 2026 तक 51,290.81 लाख रुपये के लक्ष्य के विरुद्ध 31,665.56 लाख रुपये की राजस्व प्राप्ति हुई, जो 61.73 प्रतिशत है. जिले के 113 बालूघाटों में से 84 की नीलामी हो चुकी है, जबकि 23 घाट वर्तमान में संचालित हैं. कुछ घाटों के लिए पुनः नीलामी प्रक्रिया जारी है. अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध 2,596 छापेमारी में 120 गिरफ्तारियां हुईं और 360.67 लाख रुपये की वसूली की गई. ईंट भट्ठों की समीक्षा में 232 में से 174 द्वारा पूर्ण भुगतान किया गया, जबकि 58 से भुगतान लंबित है. जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को राजस्व संग्रह में तेजी लाने, अवैध खनन पर सख्ती बरतने, यातायात व्यवस्था सुधारने तथा विभागीय समन्वय मजबूत करने के निर्देश दिए. बैठक में सदर एसडीओ संतन कुमार सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी, पुलिस उपाधीक्षक, जिला खनन पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










