Aurangabad News : पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ करने की कवायद, आइजी ने किया निरीक्षण
Published by : AMIT KUMAR SINGH_PT Updated At : 22 Apr 2026 10:00 PM
Aurangabad News: नोडल पदाधिकारी अनसूइया रण सिंह ने एसपी अंबरीश राहुल की उपस्थिति में पुलिस कार्यालय का निरीक्षण किया
औरंगाबाद कार्यालय. औरंगाबाद में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में बुधवार को पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय पटना) सह नोडल पदाधिकारी अनसूइया रण सिंह ने एसपी अंबरीश राहुल की उपस्थिति में पुलिस कार्यालय का निरीक्षण किया. उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेख संधारण, लंबित मामलों के निबटारा व जिले की कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की. इस अवसर पर सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डीएसपी यातायात, साइबर डीएसपी एवं प्रशिक्षु पदाधिकारी मौजूद रहे. पुलिस महानिरीक्षक ने विभिन्न शाखाओं के कार्यों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को मामलों के त्वरित निबटारा, अपराध नियंत्रण तथा जनता के साथ बेहतर समन्वय बनाये रखने के निर्देश दिये. पुलिस कार्यालय पहुंचने पर जवानों द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिसे देखकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाये रखने के लिए पुलिसिंग में निरंतर निगरानी और जवाबदेही बेहद आवश्यक है. इसके बाद आइजी अनसूइया रण सिंह ने पुलिस केंद्र पहुंचकर वहां चल रहे जवानों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी जायजा लिया. उन्होंने प्रशिक्षण ले रहे जवानों की गतिविधियों, अनुशासन, शारीरिक दक्षता और प्रशिक्षण की गुणवत्ता का अवलोकन किया. इस दौरान उन्होंने जवानों को कर्तव्य बोध कराते हुए कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी है. उन्होंने प्रशिक्षणरत जवानों को ईमानदारी, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों के निर्वहन का संदेश दिया. पुलिस केंद्र में वर्तमान में 412 जवान प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जो जल्द ही विभिन्न स्थानों पर अपनी ड्यूटी संभालेंगे. आइजी ने प्रशिक्षण व्यवस्था पर संतोष जताते हुए कहा कि बेहतर प्रशिक्षित बल ही मजबूत कानून-व्यवस्था की रीढ़ होता है. यह निरीक्षण और समीक्षा कार्यक्रम पुलिस प्रशासन की सक्रियता और व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. इससे जिले में पुलिसिंग को नई गति मिलने की उम्मीद है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










