Aurangabad News : राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता में अधिवक्ताओं की भूमिका अहम : जिला जज
Published by : AMIT KUMAR SINGH_PT Updated At : 22 Apr 2026 9:49 PM
Aurangabad News: नौ मई की राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी तेज, अधिवक्ताओं से सक्रिय सहयोग की अपील
औरंगाबाद शहर. जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में नौ मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष राजीव रंजन कुमार ने जिला विधि संघ एवं अधिवक्ता संघ के सभी पदधारी अधिवक्ताओं एवं कार्यकारिणी सदस्यों के साथ बैठक की. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता और अधिक से अधिक वादों के निस्तारण के लिए सभी अधिवक्ताओं का सहयोग आवश्यक है, ताकि यह आयोजन अपने लक्ष्य को प्राप्त करते हुए नए कीर्तिमान स्थापित कर सके. इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव तान्या पटेल भी उपस्थित थीं. बैठक में जिला विधि संघ के अध्यक्ष विजय कुमार पांडेय, सचिव जगनारायण सिंह तथा अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष संजय सिंह सहित कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारी अधिवक्ता शामिल हुए. बैठक का उद्देश्य अधिक से अधिक वादों के निस्तारण में अधिवक्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था, जिससे अपेक्षित परिणाम प्राप्त हो सकें. जिला जज ने जिला विधि संघ एवं अधिवक्ता संघ द्वारा पूर्व में किए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार का उद्देश्य न्याय को सभी के लिए सुलभ बनाना है, जिसमें अधिवक्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहता है. उन्होंने कहा कि लोक अदालत की सफलता सामूहिक प्रयास का परिणाम होती है और यह सहयोग आगे भी जारी रहना चाहिए. सचिव तान्या पटेल ने कहा कि समय बहुत कम है, इसलिए सभी अधिवक्ता अपने-अपने मामलों में पक्षकारों से शीघ्र संपर्क स्थापित करें. आवश्यकता पड़ने पर मध्यस्थता के माध्यम से विवादों का समाधान कराया जाये, ताकि वादों का निस्तारण लोक अदालत में हो सके और पक्षकारों के बीच उत्पन्न कटुता भी समाप्त हो. बैठक में उपस्थित तीनों अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने आश्वासन दिया कि इस बार अधिक से अधिक वादों का निस्तारण कर पिछले रिकॉर्ड को भी बेहतर बनाने का पूरा प्रयास किया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










