कोलकाता में गरजे योगी आदित्यनाथ- उद्योगों का कब्रिस्तान बना बंगाल, टैगोर के घर में ममता बनर्जी का फोटो शर्मनाक

Yogi Adityanath Kolkata Rally West Bengal Election 2026
Yogi Adityanath Kolkata Rally: कोलकाता के बड़ाबाजार में योगी आदित्यनाथ ने तृणमूल कांग्रेस पर जमकर प्रहार किया. उन्होंने 7000 उद्योगों के बंद होने, टैगोर के अपमान और राम मंदिर विरोध को लेकर ममता सरकार को घेरा.
Yogi Adityanath Kolkata Rally| कोलकाता, शिव राउत : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के अंतिम दौर के प्रचार में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के फायरब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कोलकाता के बड़ाबाजार में हुंकार भरी. एक विशाल चुनावी सभा को संबोधित करते हुए योगी ने ममता सरकार पर तीखे हमले किये.
राम मंदिर और तुष्टीकरण के मुद्दे पर ममता सरकार को घेरा
उत्तर प्रदेश के चीफ मिनिस्टर योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के शासन में बंगाल ‘उद्योगों का कब्रिस्तान’ बन गया है. योगी ने रवींद्रनाथ टैगोर की विरासत के अपमान से लेकर राम मंदिर और तुष्टीकरण के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को जमकर आड़े हाथों लिया.
टैगोर के घर में ममता बनर्जी की फोटो क्यों?
योगी आदित्यनाथ ने जोड़ासांकू स्थित रवींद्रनाथ टैगोर के पैतृक निवास का जिक्र करते हुए भावनात्मक कार्ड खेला. योगी ने आरोप लगाया कि ‘तृणमूल के गुंडों’ ने टैगोर के उस घर में ममता बनर्जी की तस्वीरें लगा दी हैं, जहां कवि ने अपनी महान रचनाएं लिखी थीं. उन्होंने कहा कि वहां केवल टैगोर और भारत माता की प्रतिमा होनी चाहिए थी. उन्होंने कहा कि तृणमूल को भारतीय संस्कृति और भारत माता से कोई लगाव नहीं है.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
आर्थिक बदहाली- 7000 उद्योग हुए बंद
योगी ने बंगाल की गिरती अर्थव्यवस्था पर चिंता जाहिर करते हुए आंकड़े पेश किये. उन्होंने दावा किया कि टीएमसी राज में 7,000 बड़े उद्योग और हजारों एमएसएमई इकाइयां बंद हो गयीं. इसकी वजह से 30 लाख युवाओं की नौकरियां चली गयीं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस, माकपा और तृणमूल ने दशकों तक बंगाल को लूटा . जो राज्य कभी ज्ञान और विकास का केंद्र था, वह अब सबसे निचले पायदान पर पहुंच गया है.
राम नाम और दुर्गा पूजा पर दीदी को घेरा
तुष्टीकरण की राजनीति पर प्रहार करते हुए योगी ने कहा कि ममता दीदी को भगवान राम के नाम से परेशानी है. उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का विरोध किया था. क्या बंगाल ऐसी सरकार चाहता है, जो हमारे आराध्य का सम्मान न करे? उन्होंने कहा कि बंगाल मां काली और दुर्गा की पूजा के लिए जाना जाता है, लेकिन यहां की सरकार शोभायात्राओं पर रोक लगाती है. निषेधाज्ञा लगा देती है.
भाषा के मुद्दे पर भी टीएमसी सरकार पर बोला हमला
तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के द्वारा उर्दू के कथित प्रसार पर यूपी के सीएम योगी ने कहा कि बांग्ला अस्मिता से समझौता नहीं होगा. कोलकाता और बंगाल की भाषा बांग्ला ही रहेगी.
Yogi Adityanath: डबल इंजन सरकार ही एकमात्र विकल्प
योगी आदित्यनाथ ने ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ का हवाला देते हुए बंगाल की खोयी हुई गरिमा लौटाने की अपील की. उन्होंने कहा कि केवल भाजपा की ‘डबल इंजन सरकार’ ही बंगाल के पुराने वैभव को बहाल कर सकती है. उन्होंने मतदाताओं से आह्वान किया कि इस बार तृणमूल को सत्ता से उखाड़ फेंकें और विकास की नयी इबारत लिखें.
इसे भी पढ़ें
ममता दीदी, कभी मां दुर्गा और श्रीराम का नाम लेना भी सीखिए, 4 मई TMC का आखिरी दिन : हिमंता बिस्व सरमा
नंदीग्राम में वोट से पहले हाई-वोल्टेज ड्रामा, TMC का आरोप- केंद्रीय बलों ने ग्रामीणों पर किया हमला
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By मिथिलेश झा
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










