Aurangabad News : अनुमंडल अस्पताल में एलर्जी मरीजों की बढ़ रही भीड़, ओपीडी में लंबी कतारें

Published by : AMIT KUMAR SINGH_PT Updated At : 22 Apr 2026 9:41 PM

विज्ञापन

Aurangabad News: मौसम में बदलाव और प्रदूषण बन रहा कारण

विज्ञापन

दाउदनगर. अनुमंडल अस्पताल में इन दिनों एलर्जी से पीड़ित मरीजों की संख्या में तेजी से वृद्धि देखी जा रही है. स्थिति यह है कि ओपीडी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं. सुबह से ही अस्पताल परिसर में लंबी कतारें लग जा रही हैं और चिकित्सकों को लगातार मरीजों का उपचार करना पड़ रहा है. मरीजों में त्वचा पर लाल चकत्ते, तेज खुजली, आंखों में जलन, बार-बार छींक आना, नाक बहना और सांस लेने में कठिनाई जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से देखी जा रही हैं. चिकित्सकों के अनुसार यह एलर्जी के सामान्य लक्षण हैं, लेकिन कई मामलों में यह गंभीर रूप भी ले सकते हैं. पहले जहां एलर्जी के कुछ ही मरीज आते थे, वहीं अब प्रतिदिन दर्जनों मरीज अस्पताल पहुंच रहे है. इनमें बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सभी आयु वर्ग के लोग शामिल हैं. खासकर सुबह के समय मरीजों की भीड़ अधिक रहती है. अनुमंडल अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ शांता कुमारी ने बताया कि मौसम में हो रहे बदलाव इसके प्रमुख कारण हैं. तापमान में उतार-चढ़ाव और हवा में बढ़ते पराग कण, धूल एवं अन्य एलर्जेन शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को प्रभावित करते हैं, जिससे त्वचा एलर्जी, गले में खराश, छींक और सांस संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं. वहीं चिकित्सा पदाधिकारी डॉ नम्रता प्रिया ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. उन्होंने कहा कि बाहर निकलते समय मास्क का उपयोग करें, धूल-धुएं से बचें और व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें. अस्पताल प्रबंधक ठाकुर चंदन सिंह ने बताया कि मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है. साथ ही चिकित्सकों को सतर्क रहकर बेहतर उपचार देने के निर्देश दिए गये हैं. उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. चिकित्सकों ने अपील की है कि लोग एलर्जी को हल्के में न लें और किसी भी लक्षण के दिखने पर तुरंत जांच कराएं. समय पर इलाज से गंभीर स्थिति से बचाव संभव है.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINGH_PT

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINGH_PT

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन