Aurangabad News : नामांकन शुल्क पर देवकुंड के रामशरण यादव कॉलेज में बवाल

Published by : AMIT KUMAR SINGH_PT Updated At : 22 Apr 2026 9:39 PM

विज्ञापन

Aurangabad News: भारी हंगामे के बाद प्राचार्य ने घटाया शुल्क, एबीवीपी के नेतृत्व में छात्रों ने किया घेराव

विज्ञापन

गोह. देवकुंड स्थित रामशरण यादव महाविद्यालय में स्नातक सत्र 2024-28 (सेमेस्टर-4) के नामांकन एवं परीक्षा फॉर्म शुल्क को लेकर जमकर हंगामा हुआ. छात्रों ने कॉलेज प्रशासन पर निर्धारित दर से अधिक वसूली का आरोप लगाते हुए परिसर में विरोध प्रदर्शन किया. भारी आक्रोश को देखते हुए अंततः कॉलेज प्रशासन को झुकना पड़ा और वार्ता के बाद शुल्क में कटौती की गयी. मामले की गंभीरता को देखते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्र नेताओं के नेतृत्व में दर्जनों छात्र कॉलेज पहुंचे और कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ जमकर विरोध जताया. छात्रों का आरोप था कि नामांकन के नाम पर उनसे अतिरिक्त राशि ली जा रही है. हंगामे के कारण काफी देर तक कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. स्थिति बिगड़ती देख प्राचार्या ने छात्र प्रतिनिधियों को वार्ता के लिए बुलाया.

150 रुपये की कटौती पर बनी सहमति

प्राचार्या डॉ ममता कुमारी ने बताया कि महाविद्यालय द्वारा नामांकन व फॉर्म के लिए 3500 शुल्क निर्धारित किया गया था. छात्र नेताओं के साथ हुई सकारात्मक वार्ता के बाद इसमें 150 रुपये की कमी करने का निर्णय लिया गया. इस समझौते के बाद छात्र शांत हुए और नामांकन की प्रक्रिया पुनः सुचारू रूप से शुरू हो सकी.

प्राचार्या ने कहा-दूसरे कॉलेजों से कम शुल्क, फिर भी निशाना

इस दौरान प्राचार्या का एक बयान चर्चा का विषय बना रहा. उन्होंने कहा कि देवकुंड के कुछ छात्र अक्सर छोटी-छोटी बातों पर कॉलेज प्रशासन को परेशान करने की कोशिश करते हैं. उन्होंने तर्क दिया कि गोह के अन्य कॉलेजों में इसी प्रक्रिया के लिए 4000 से 5000 रुपये तक शुल्क लिए जा रहे हैं. वहां कोई हंगामा नहीं होता. हमारे यहां शुल्क कम होने के बावजूद अनावश्यक विवाद खड़ा किया जाता है.

पारदर्शिता की मांग पर अड़े छात्र

दूसरी ओर प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि वे विवाद नहीं, बल्कि पारदर्शिता चाहते हैं. छात्रों ने मांग किया कि कॉलेज प्रशासन को शुल्क का विवरण सार्वजनिक तौर पर नोटिस बोर्ड पर चस्पा करना चाहिए, ताकि भविष्य में अवैध वसूली की गुंजाइश न रहे. फिलहाल, कॉलेज में स्थिति सामान्य है, लेकिन प्राचार्या के बयान और शुल्क विवाद को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINGH_PT

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINGH_PT

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन