अरवल के सभी पंचायतों में उत्साह के साथ मनाया गया ‘पंचायत विकास दिवस’, अमरा पंचायत पहुंचे मंत्री दीपक प्रकाश

Updated:
विज्ञापन
Panchayat Vikas Diwas Arwal

अमरा पंचायत पहुंचे मंत्री दीपक प्रकाश

Panchayat Vikas Diwas Arwal : अरवल जिले की सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत विकास दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया. अमरा पंचायत में प्रभारी मंत्री दीपक प्रकाश ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया. कार्यक्रम में महिला हितैषी ग्राम पंचायत थीम के तहत विकास योजनाओं, जनभागीदारी और महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया गया.

विज्ञापन

अरवल से निशिकांत की रिपोर्ट
Panchayat Vikas Diwas Arwal : पंचायती राज विभाग, बिहार सरकार के निर्देशानुसार अरवल जिले की सभी ग्राम पंचायतों में रविवार को “पंचायत विकास दिवस” का आयोजन उत्साह और जनसहभागिता के साथ किया गया. मुख्य कार्यक्रम अरवल प्रखंड के अमरा पंचायत में आयोजित हुआ, जहां पंचायती राज विभाग के मंत्री सह अरवल के प्रभारी मंत्री दीपक प्रकाश ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया.

पंचायतों को बताया ग्रामीण विकास की आधारशिला

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री दीपक प्रकाश ने पंचायतों को ग्रामीण विकास की आधारशिला बताते हुए जनभागीदारी, महिला सशक्तिकरण और स्थानीय स्तर पर विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया. उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और आम नागरिकों से पंचायतों के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की.

विकास योजनाओं और सतत विकास लक्ष्यों पर हुई चर्चा

कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायतों में संचालित योजनाओं, आगामी विकास कार्यों, प्राप्त राशि, व्यय और अवशेष राशि की जानकारी साझा की गई. साथ ही स्थानीयकृत सतत विकास के नौ लक्ष्यों पर विस्तृत चर्चा की गई और पंचायत स्तर पर उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सुझाव भी लिए गए.

महिला हितैषी ग्राम पंचायत रही मुख्य थीम

इस माह पंचायत विकास दिवस की थीम “महिला हितैषी ग्राम पंचायत” निर्धारित होने के कारण कार्यक्रमों में महिलाओं की विशेष भागीदारी रही. जीविका दीदियों, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं, महिला समूहों और ग्रामीण महिलाओं ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा और आर्थिक स्वावलंबन जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए.

मन की बात का हुआ सामूहिक प्रसारण

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट पंचायतों के विकास कार्यों का वीडियो प्रदर्शन किया गया. इसके साथ ही प्रधानमंत्री के मासिक रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” का सामूहिक प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने ध्यानपूर्वक सुना.

कई पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी अमृषा बैंस, उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार, बीस सूत्री उपाध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी, सदस्य सतेंद्र रंजन सहित कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे. जिले की सभी पंचायतों में ग्रामसभा सदस्यों, पंचायत प्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया.

इसे भी पढ़ें: किसान पिता के संघर्षों का परिणाम, बेटा SDO बन पहली बार पहुंचा घर, ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से किया भव्य स्वागत

विज्ञापन
निखिल अनुराग

लेखक के बारे में

By निखिल अनुराग

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन