अरवल में अवैध बालू पर पुलिस का शिकंजा. ट्रैक्टर-डाला जब्त, लाइनर गिरफ्तार, चालक कूदकर फरार

अवैध खनन में लगे जप्त ट्रैक्टर
जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत परासी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. बहादुरपुर-सुमेरा मार्ग पर अवैध बालू लदा ट्रैक्टर-डाला जब्त किया गया. कार्रवाई के दौरान एक लाइनर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि ट्रैक्टर चालक फरार हो गया.
कलेर. जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत परासी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बहादुरपुर-सुमेरा मार्ग स्थित बनकट के समीप अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर-डाला जब्त कर लिया. कार्रवाई के दौरान अवैध बालू परिवहन कराने वाले एक लाइनर को गिरफ्तार किया गया, जबकि ट्रैक्टर चालक पुलिस को देखकर चलती गाड़ी से कूदकर फरार हो गया.
लाइनर गिरफ्तार, चालक की तलाश जारी
गिरफ्तार लाइनर की पहचान बहादुरपुर गांव निवासी प्रेमजीत कुमार, पिता सिनेश्वर पंडित के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, प्रेमजीत कुमार अवैध बालू लदे वाहनों को सुरक्षित रास्ता दिखाने और पुलिस जांच से बचाकर गंतव्य तक पहुंचाने का काम करता था. फरार ट्रैक्टर चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई
परासी थानाध्यक्ष मोहम्मद सिराज ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बहादुरपुर-सुमेरा मार्ग से एक ट्रैक्टर पर अवैध बालू लादकर ले जाया जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की. पुलिस को देखते ही चालक घबरा गया और चलती ट्रैक्टर से कूदकर फरार हो गया.
सोनालिका ट्रैक्टर और बालू किया गया जब्त
चालक के कूदने से ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए वाहन को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस ने नीले रंग का सोनालिका ट्रैक्टर, डाला और उस पर लदा अवैध बालू जब्त कर लिया. इसके बाद लाइनर को गिरफ्तार कर थाना लाया गया.
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष मोहम्मद सिराज ने बताया कि जब्त ट्रैक्टर, डाला और अवैध बालू के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बालू कहां से लाया जा रहा था और इस अवैध कारोबार में किन-किन लोगों की संलिप्तता है. उन्होंने कहा कि अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










