अरवल : गार्ड समेत दो की हत्या कर दुकान से पांच लाख ले गये
Updated at : 27 Aug 2018 9:31 AM (IST)
विज्ञापन

कलेर (अरवल) : कलेर प्रखंड के महेंदिया बाजार स्थित दवा दुकान का शटर तोड़कर बदमाशों ने शनिवार की रात लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया. इस दौरान विरोध करने पर उन्होंने नाइट गार्ड समेत दो लोगों की हत्या कर दी. घटना से गुस्साये लोगों ने रविवार को आगजनी कर घंटों सड़क जाम किया. […]
विज्ञापन
कलेर (अरवल) : कलेर प्रखंड के महेंदिया बाजार स्थित दवा दुकान का शटर तोड़कर बदमाशों ने शनिवार की रात लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया. इस दौरान विरोध करने पर उन्होंने नाइट गार्ड समेत दो लोगों की हत्या कर दी. घटना से गुस्साये लोगों ने रविवार को आगजनी कर घंटों सड़क जाम किया. साथ ही अपराधियों की गिरफ्तारी और खुलासे की मांग की. मृतकों में जई बिगहा निवासी रात्रि प्रहरी मधेश्वर यादव और महेंदिया निवासी अखिलेश राम हैं.
बताया जाता है कि महेंदिया बाजार स्थित पहलेजा मार्केट में हरेराम कुमार की न्यू हिंदुस्तान मेडिकल नाम की दवा दुकान है. शनिवार की रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर हरेराम अपने घर खुशडिहरा चले गये. रविवार की सुबह जब दुकान खोलने आये तो शटर टूटा हुआ था और उसके ताले गायब थे.
उन्होंने दुकान की बगल में सोये रात्रि प्रहरी मधेश्वर यादव को आवाज लगायी, लेकिन वह नहीं जगे. नजदीक जाकर उठाने का प्रयास किया तो देखा कि उनकी हत्या कर दी गयी है. इसके बाद दुकानदार हरेराम बगल में सोये एक अन्य व्यक्ति अखिलेश राम को उठाने गये तो देखा कि उनकी भी हत्या कर दी गयी है
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों की बुरी तरह से पिटाई करने के बाद हत्या की गयी है. दुकान में रखे चार लाख रुपये नकद और करीब एक लाख रुपये के सामान गायब हैं. उन्होंने बताया कि उनका भाई बैंक में रुपये जमा करने के लिए लाया था, लेकिन जमा नहीं होने के कारण दुकान में ही रुपये रखे हुए थे. कयास लगाया जा रहा है कि शटर तोड़कर रुपये निकालने के दौरान विरोध करने पर डबल मर्डर को अंजाम दिया गया है.
घटना से आक्रोशित लोगों ने रविवार की सुबह घटनास्थल के समीप एनएच 139 को जाम कर प्रदर्शन किया. लोग सड़क पर टायर जलाकर वरीय पदाधिकारियों को बुलाने की मांग कर रहे थे. सूचना पाकर अरवल के एसपी उमाशंकर प्रसाद और डीएसपी शैलेंद्र कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझा कर सड़क जाम समाप्त कराया.
डकैती या चोरी पर उठ रहे सवाल
दो हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश पांच लाख का माल उड़ा ले गये. मामले में पुलिस ने चोरी और हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है, इसे लेकर ग्रामीण पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि बुरी तरह से पीटने के बाद नाइट गार्ड और एक अन्य व्यक्ति की हत्या कर बदमाश नकदी और सामान लेकर चलते बने. ऐसे में माना जा रहा है कि पांच या पांच से अधिक व्यक्ति घटना में शामिल होंगे. जानकारों के अनुसार अगर पांच से कम बदमाश भी वारदात में शामिल थे तो लूटपाट और हत्या का मामला दर्ज किया जाना चाहिए.
अज्ञात चोरों पर प्राथमिकी दर्ज
दुकानदार हरेराम कुमार के बयान पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है. एफआईआर में दुकान से चार लाख रुपये एवं अन्य सामान की चोरी का जिक्र किया गया है. बताया गया है कि चोरी के दौरान जग जाने के कारण नाइट गार्ड समेत दो लोगों की अपराधियों ने हत्या कर दी. डीएसपी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू कर दी गयी है. शीघ्र ही मामले का खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




