गड़हनी में पूर्व पंचायत समिति सदस्य सह उपप्रमुख पति की हत्या
Published by :DEVENDRA DUBEY
Published at :11 May 2026 10:06 PM (IST)
विज्ञापन

नारायणपुर थाना क्षेत्र के चवरिया गांव के बधार से मिला शव
विज्ञापन
आरा.
गड़हनी प्रखंड में पूर्व पंचायत समिति सदस्य सह वर्तमान उपप्रमुख के पति की हत्या कर शव फेंके जाने का मामला सामने आया है. उनका शव नारायणपुर थाना क्षेत्र के चवरिया गांव के बधार से सोमवार की सुबह बरामद हुआ. मृतक के मुंह से झाग बहता हुआ पाया गया है, जिसके कारण परिजन द्वारा चुनावी रंजिश को लेकर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया जा रहा है. घटना को लेकर गांव एवं आसपास के इलाके में सनसनी मच गयी है..सूचना पाकर सदर एसडीपीओ-वन राजकुमार साह, पीरो एसडीपीओ कृष्ण कुमार सिंह, नारायणपुर थानाध्यक्ष संजीत शर्मा, गड़हनी थानाध्यक्ष कमलजीत एवं पवना थानाध्यक्ष अनीष कुमार अतिरिक्त पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में शुरू कर दी. एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य को इकट्ठा की. उधर, घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा. ग्रामीणों ने आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव को बगवां रेलवे गुमटी के समीप ले जाकर रोड जाम कर दिया. करीब दो घंटे तक सड़क को जाम होने के कारण सड़क की दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गयी एवं आवागमन पूरी तरह ठप रहा. पुलिस द्वारा लोगों को समझा-बूझाकर जाम को हटाया गया. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम अस्पताल में करवाया. जानकारी के अनुसार मृतक गड़हनी थाना क्षेत्र के बगवां गांव निवासी कपिलदेव सिंह के 40 वर्षीय पुत्र संजीत कुमार सिंह उर्फ टंटन कुमार है. मृतक पूर्व में पंचायत समिति सदस्य रह चुके थे. उनकी पत्नी पुष्पा देवी गड़हनी प्रखंड की वर्तमान उपप्रमुख हैं. इधर, मृतक के भाई बड़े शैलेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार की दोपहर करीब 12 बजे वह खाना-पीना खाकर रोज की तरह बिना कुछ कहे घर से निकले थे. वह एलआइसी एजेंट भी थे और पैसा कलेक्ट करने का भी काम करते थे. रात करीब नौ बजे भांजी से उनकी फोन द्वारा बात हुई थी, तो उन्होंने कहा था कि खाना बना दो, मैं 11 बजे रात में शादी से वापस लौटूंगा. जब घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों द्वारा उनके मोबाइल पर काफी कॉल किया गया, लेकिन काॅल रिसीव नहीं हुआ. इसके बाद मध्य रात्रि दो बजे तक उनके मोबाइल पर कॉल लगातार किया जा रहा था. इसके बाद सोमवार की सुबह परिजन गड़हनी थाने में उनके लापता होने का आवेदन लेकर पहुंचे. तब थानाध्यक्ष परिजन के साथ उन्हें खोजने नारायणपुर थाना क्षेत्र के बनौली की तरफ निकले, तो देखा कि वहां काफी भीड़ इकट्ठा है. उन्होंने बताया कि वहां जाने पर पता चला कि नारायणपुर थाना द्वारा करीब 10 बजे रात के बीच उनकी बाइक ले जाया गया था और चाबी उनके पास ही फेंका हुआ था. वहीं दूसरी तरफ मृतक के भाई शैलेंद्र सिंह ने चुनावी रंजिश को लेकर अपने भाई की जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है. उधर, सिविल सर्जन डॉ शिवेंद्र कुमार सिन्हा के निर्देश पर तीन सदस्यीय डॉक्टर की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया गया. पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों द्वारा भेसरा रिजर्व रखा गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पूरी तरह स्पष्ट हो पायेगा. तीन सदस्यीय बोर्ड टीम में ऑन ड्यूटी चिकित्सक डॉ. आशुतोष कुमार, डॉ. सूर्यकांत निराला एवं डॉ. टीएन राज शामिल थे. वहीं सूचना पाकर एमएलसी प्रत्याशी कन्हैया प्रसाद, आरजेडी, जदयू सहित अन्य पार्टी के नेता भी सदर अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजन से मिल उन्हें ढांढस बंधवाया. बताया जाता है कि मृतक अपने दो भाई व एक बहन में छोटे थे. उनके परिवार में पत्नी पुष्पा देवी व दो पुत्र समर, अंश एवं एक पुत्री पलक है. घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है. उनकी पत्नी पुष्पा देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हैप्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










