महिला कॉलेज में आजादी और विकसित भारत पर कार्यक्रम, भाषण प्रतियोगिता में कौशिकी कुमारी प्रथम
वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय
वीर कुंवर सिंह यूनिवर्सिटी के महंत महादेवानंद महिला कॉलेज में 'आजादी का महत्व और विकसित भारत' विषय पर एकदिवसीय कार्यक्रम का आयोजन हुआ. छात्राओं ने भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से स्वतंत्रता, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत पर अपने विचार प्रस्तुत किए.
वीर कुंवर सिंह यूनिवर्सिटी के महंत महादेवानंद महिला कॉलेज के इतिहास विभाग की ओर से मंगलवार को महाविद्यालय के सेमिनार हॉल में 'आजादी का महत्व और विकसित भारत' विषय पर एकदिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से स्वतंत्रता, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत को लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए. कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. नरेंद्र प्रताप पालित, इतिहास विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. अनुपमा, IQAC समन्वयक डॉ. विजयश्री, परीक्षा नियंत्रक डॉ. मनोज कुमार, कुलानुशासक डॉ. सादिया हबीब, निर्णायक मंडल की सदस्य डॉ. अनामिका एवं डॉ. अंजू कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
कार्यक्रम की रूपरेखा एवं मार्गदर्शन इतिहास विभागाध्यक्ष सह महाविद्यालय के बर्सर प्रो. डॉ. राजीव कुमार ने किया. उन्होंने कार्यक्रम के उद्देश्य एवं विषय की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला. मंच संचालन डॉ. अनुपमा ने किया.
प्राचार्य का संबोधन और युवाओं की भूमिका
अपने संबोधन में प्राचार्य प्रो. डॉ. नरेंद्र प्रताप पालित ने कहा कि आजादी का महत्व केवल स्वतंत्रता प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी रक्षा करते हुए देश को निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ाना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है.
उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष को याद करते हुए छात्राओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति और सभ्यता समृद्ध रही है तथा प्राचीन काल से ही भारत ने ज्ञान-विज्ञान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है. आज विश्व पटल पर भारत की पहचान लगातार मजबूत हो रही है.
युवाओं को देश की शक्ति बताते हुए उन्होंने स्किल डेवलपमेंट, आत्मनिर्भरता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि युवाओं के ज्ञान, कौशल और आत्मविश्वास से विकसित भारत के लक्ष्य को नई गति मिलेगी.
प्राचार्य ने संविधान के महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है. इसमें नागरिकों के अधिकारों के साथ-साथ उनके कर्तव्यों का भी उल्लेख है. इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए.
भाषण प्रतियोगिता और विजेताओं की घोषणा
भाषण प्रतियोगिता में छात्राओं ने स्वतंत्रता आंदोलन, भारतीय संस्कृति, राष्ट्र निर्माण, युवाओं की भूमिका और विकसित भारत के लक्ष्य पर प्रभावशाली विचार रखे. निर्णायक मंडल ने विषय-वस्तु, अभिव्यक्ति, प्रस्तुतीकरण, आत्मविश्वास एवं ज्ञान के आधार पर छात्राओं के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया.
प्रतियोगिता में कौशिकी कुमारी ने प्रथम, नंदनी कुमारी ने द्वितीय तथा ज्योति कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. विजेता छात्राओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी गई. निर्णायक मंडल में समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. अनामिका एवं हिंदी विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. अंजू कुमारी शामिल रहीं.
वहीं इतिहास विभाग की डॉ. पूनम कुमारी एवं डॉ. राकेश कुमार ने पर्यवेक्षक निर्णायक के रूप में प्रतियोगिता का अवलोकन किया.
गणमान्य शिक्षकों की उपस्थिति और धन्यवाद ज्ञापन
कार्यक्रम में डॉ. राघवेंद्र नारायण विकास, डॉ. अमरजीत कुमार, डॉ. राखी सिंह, डॉ. कुमारी शिल्पा, डॉ. विभा कुमारी, डॉ. मीरा रानी, डॉ. स्मृति चौधरी, डॉ. सादिया हबीब, डॉ. अवधेश प्रसाद, डॉ. सुधा कुमारी, निवेदिता कुमारी सहित अन्य शिक्षक एवं JRF शोधार्थी ज्योति कुमारी उपस्थित रहीं. सभी ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया.
Also Read : भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में जल्द शुरू होगा क्रॉस एग्जामिनेशन, 27 अगस्त तक साक्ष्य उपलब्ध कराने की अपील
अंत में इतिहास विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. सरोज ने धन्यवाद ज्ञापन किया. उन्होंने कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने वाले प्राचार्य, शिक्षकगण, निर्णायक मंडल एवं छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया.
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में स्वतंत्रता के मूल्यों, राष्ट्रीय चेतना, भारतीय संस्कृति, संवैधानिक कर्तव्यों और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











