आरा में इंसाफ मंच की बैठक में छात्र आंदोलन का समर्थन, नफरत और हिंसा के खिलाफ संघर्ष का लिया संकल्प

Updated:
विज्ञापन

इंसाफ मंच की बैठक में शामिल सदस्य

Student Movement: आरा में इंसाफ मंच की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें पेपर लीक के विरोध में छात्र-युवाओं के आंदोलन का पुरजोर समर्थन किया गया. बैठक में नफरत, हिंसा और अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमलों के खिलाफ आवाज बुलंद करने का निर्णय लिया गया.

विज्ञापन

Student Movement: इंसाफ मंच के जिला सचिव अजय कुमार गांधी ने बताया कि रविवार को श्रीटोला स्थित भाकपा माले जिला कार्यालय में इंसाफ मंच भोजपुर जिला कमिटी की बैठक आयोजित की गई. बैठक में भाकपा माले केंद्रीय कमेटी सदस्य व भोजपुर जिला कमिटी के सचिव काॅ. अभियुदय तथा इंसाफ मंच के राज्य सचिव क्यामुद्दीन अंसारी मौजूद रहे. बैठक का संचालन इंसाफ मंच के भोजपुर जिला सचिव अजय कुमार गांधी ने किया.

पेपर लीक के खिलाफ छात्र आंदोलन का किया समर्थन

बैठक में पेपर लीक के सवाल पर छात्र-युवाओं के आंदोलन का समर्थन किया गया. आंदोलन के दौरान जंतर-मंतर सहित पटना, सीवान और जहानाबाद में हुई पुलिसिया कार्रवाई की तीखी आलोचना की गई. वक्ताओं ने छात्र-युवाओं की मांगों को लेकर संगठन की ओर से समर्थन जारी रखने की बात कही.

नफरत और हिंसा के खिलाफ आवाज बुलंद करने का फैसला

इंसाफ मंच की बैठक में नफरत, उन्माद और मॉब लिंचिंग में हो रही हत्याओं तथा अल्पसंख्यकों और दलितों पर हमले के खिलाफ आवाज बुलंद करने का फैसला लिया गया. बैठक में राजगीर में मंदिर को अपवित्र करने के आरोप में दो दलित युवकों की हत्या के मामले में आरोपितों को सजा दिलाने की मांग भी उठाई गई.

सभी प्रखंडों में होगा कन्वेंशन

बैठक में फैसला लिया गया कि नफरत हिंसा मुर्दाबाद, अमन-इंसाफ और भाईचारा जिंदाबाद के नारे को बुलंद करते हुए 31 अगस्त 2026 तक भोजपुर जिले के सभी प्रखंडों में कन्वेंशन आयोजित किए जाएंगे. इसके माध्यम से प्रखंड स्तर पर संगठन की इकाई का गठन किया जाएगा.

भाजपा शासन में अत्याचार बढ़ने का लगाया आरोप

बैठक को संबोधित करते हुए भाकपा माले जिला सचिव काॅ. अभियुदय ने कहा कि मुस्लिम समुदाय सहित दलितों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं पर भाजपा शासन में चौतरफा अत्याचार और दमन जारी है. उन्होंने कहा कि राजगीर सहित कई क्षेत्रों में धार्मिक छुआछूत और भेदभाव के तहत दलित युवकों से मारपीट और हत्या तक की जा रही है तथा महिलाओं पर हिंसा और दमन जारी है.

उर्दू के विकास और शिक्षकों के वेतन भुगतान की उठी मांग

इंसाफ मंच के राज्य सचिव क्यामुद्दीन अंसारी ने भोजपुर में उर्दू के विकास का मुद्दा उठाया. उन्होंने संस्कृत शिक्षकों और उर्दू स्कूलों के शिक्षकों के बकाया वेतन का शीघ्र भुगतान करने की सरकार से मांग की. साथ ही भोजपुर सहित प्रदेश के सभी कब्रिस्तानों की घेराबंदी कराने की भी बिहार सरकार से मांग की.

27 सितंबर को होगा भोजपुर जिला सम्मेलन

इंसाफ मंच ने सभी अल्पसंख्यक समुदायों, दलितों, महिलाओं और उत्पीड़ित समुदायों के साथ होने वाले कथित जुल्म और ज्यादती के खिलाफ संघर्ष करने का फैसला लिया. संगठन की ओर से 27 सितंबर 2026 को भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के अमर सेनानी शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर भोजपुर जिला सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया.

बैठक में ये रहे मौजूद

बैठक में भाकपा माले जिला सचिव काॅ. अभियुदय, इंसाफ मंच के राज्य सचिव क्यामुद्दीन अंसारी, जिला सचिव अजय कुमार गांधी, मकबूल अंसारी, अली हसन अंसारी, अनिल जीउत, सुहैल अंसारी, सफीआलम राईन, रबनवाज खां, संतविलास राम, कैमुद्दीन, यासीन अंसारी और अनवर आलम सहित अन्य लोग मौजूद रहे.

इसे भी पढ़ें: सीवान जेल में बंद कैदी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन